सरिया (गिरिडीह): प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय कैलाटांड परिसर में बंद पड़ा अर्द्धनिर्मित शौचालय किसी बड़ी दुर्घटना का संकेत दे रहा है। इस शौचालय (फोर सीटेड) को स्थानीय विधायक नागेंद्र महतो की अनुशंसा पर पेयजलापूर्ति व स्वच्छता विभाग द्वारा उच्च विद्यालय कैलाटांड में बनाया जाना था, लेकिन गलती से इस शौचालय का निर्माण उत्क्रमित उच्च विद्यालय कैलाटांड में कराया जाने लगा। लोगों को इसकी भनक लगने के बाद जनवरी में ही निर्माण कार्य रोक दिया गया। ऐसे में शौचालय के लिए खोदा गया 10 फीट का गड्ढा बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है।
[URIS id=9499]
विभागीय ठेकेदार द्वारा आनन- फानन में कार्य को प्रारंभ किया गया। लगभग 10 दिन में शौचालय निर्माण का एक चौथाई हिस्सा पूरा हुआ। शौचालय टंकी के लिए 10 फीट का गड्ढा भी कर दिया गया है, जो विद्यालय भवन से बिल्कुल सटा है। ऐसे में उच्च विद्यालय कैलाटांड के शिक्षकों को पता चला कि जो शौचालय का निर्माण उत्क्रमित उच्च विद्यालय में हो रहा है, वो उच्च विद्यालय कैलाटांड का है। इनके हस्तक्षेप के बाद से टंकी के लिए खोदा गया 10 फीट का गड्ढा विद्यालयी बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। बरसात का पानी भर जाने से बच्चों को गड्ढे में गिरने का भय रहता है। इतना ही नहीं विद्यालय का दो मंजिला भवन खोदे गए गड्ढे से सटे होने के कारण क्षतिग्रस्त होने का डर है। इस बाबत विद्यालय की प्राचार्या कुमारी अलका ने कहा कि शौचालय निर्माण कार्य जनवरी 2019 में प्रारंभ हुआ, लेकिन कुछ ही दिन का कार्य कर इसे अधूरा छोड़ दिया गया है। ऐसे में बच्चों के गड्ढे में गिरने का भय बना रहता है। उन्होंने इसकी सूचना प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को मौखिक रूप से दे दी है। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक नागेंद्र महतो से इस संबंध में संपर्क कर एक और शौचालय भवन अनुशंसा करने की बात की गई है ताकि दोनों विद्यालय में 4 सीटों वाला शौचालय का निर्माण कराया जा सके। कहा कि फिलहाल उक्त गड्ढे को मजदूरों से भरा दिया जाएगा ताकि संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।