कोडरमा: राजा तालाब को संवारने में 1 करोड़ फूंके, हालात जस के तस

डीसी ने लगाई फटकार
कोडरमा: डीसी आवास सहित राजा तालाब के सौंदर्यीकरण को लेकर लगभग दो करोड़ की राशि खर्च किये जाने के बाद भी उसके हालात में कोई भी सुधार नहीं हुआ और हालात ढाक के तीन पात वाली कहावत को चरितार्थ कर रही है। इस बाबत विगत दो दिनों तक हुए विकास कार्यो के निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने गुणवत्ता में भारी कमी देखने के बाद नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य अभियंताओं को जमकर फटकार लगाई।
गौरतलब है कि राजा तालाब जिले के तमाम वरीय पदाधिकारियों के आवास के सामने स्थित है। इसके सौंदर्यीकरण मद में अब तक एक करोड़ से अधिक की राशि खर्च करने के बाद हालात में केाई सुधार नहीं हो सका है। अलबत्ता विगत वर्ष लाखो की लागत से कोडरमा नगर पंचायत द्वारा पानी रहने के ख्याल से इस तालाब का उत्खनन किया गया, लेकिन तालाब में पानी नहीं हुआ। इसके बाद नप ने इसमें पानी पहुंचाने के लिए 70 लाख रुपया खर्च किया। ध्वजाधारी धाम से तालाब तक करीब 500 मीटर से ज्यादा नाला का निर्माण किया गया ताकि पानी हो, लेकिन नतीजा शून्य। इस बरसात में भी तालाब खाली है, ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है, कि पैसे कहां खर्च किये गये या पैसा का उपयोग कहां तक सार्थक हो सका।
एक बार से इसे संवारने की कवायद आरंभ हो चुकी है। 33 लाख की लागत से तालाब के किनारे लोगों की चहलकदमी के लिए पुल निर्माण भी किया जा रहा है। इसके अलावे लगभग आठ लाख की लागत से अलग से फूल- पौधों को बचाने के लिए घेराबंदी की जा रही है। पूरे निर्माण कार्य को लेकर दो दिनों तक डीसी ने निरीक्षण कर इसमें भारी कमी पकड़ी। गुणवत्ता में घोर कमी देखते हुए संबंधित पदाधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। बता दें कि तालाब में पानी के समीप एजेंसी द्वारा लगाई गई पाईप व चेन में अभी से जंग खाने लगी है व तालाब के तटों पर लगाई गई लाईट भी दम तोड़ रही है। डीसी ने इस बाबत खंभे, चेन, लाईट को बदलने का निर्देश दिया है। कार्यपालक पदाधिकारी जितेंद्र कुमार जैसल के अनुसार डीसी आवास के पास चल रहे निर्माण कार्य एक माह में पूरा हो जाएगा। कहा कि 94 लाख की लागत से जिला अनाबद्ध निधि व 41 लाख की लागत से नगर पंचायत निधि से कार्य हो रहा है।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More