चुनावी साल में नीतीश का तीसरा मास्टर स्ट्रोक, केंद्र से मांगा विशेष राज्य का दर्जा

भुवनेश्वर/पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चुनावी साल में केंद्र पर लगातार अलग-अलग मुद्दों के जरिए दबाव बना रहे हैं. इसके जरिए वे राजनीतिक बढत आसिल करना चाहते हैं. नीतीश कुमार ने आज भुवनेश्वर में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग की.
बिहार सरकार: बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने आज ओडिशा के भुवनेश्वर में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक के दौरान एक बार फिर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मांग की कि बिहार राज्य को विशेष राज्य का दर्जा दिया जाए। (फाइल तस्वीर) pic.twitter.com/RQ0tQ5Knnn
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 28, 2020
नीतीश कुमार सरकार की यह केंद्र से सालों से मांग रही है. यूपीए सरकार के समय नीतीश कुमार ने विशेष राज्य का दर्जा के लिए विशेष अभियान भी चलाया था. पिछले कुछ दिनों से इस पर राज्य सरकार का स्वर थोड़ा धीमा था, लेकिन विधानसभा चुनाव करीब आते-आते मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने फिर यह मांग उठा दी है.
इससे पहले नीतीश कुमार ने एनआरसी व एनपीआर के खिलाफ बिहार विधानसभा में प्रस्ताव पारित करवाया और केंद्र के समक्ष यह शर्त रख दी कि बिहार में 2010 के फार्मेट वाला एनपीआर ही चलेगा. उसके बाद उन्होंने जातिगत जनगणना की मांग वाला प्रस्ताव बिहार विधानसभा में पारित करवाया. अगर जातिगत जनगणना का प्रस्ताव केंद्र मानती है तो ऐसा 90 सालों बाद होगा.




