उत्तराखंड : फंसे पर्यटकों ने कहा, हमें प्रशासन से नहीं मिल रही कोई मदद, चार धाम यात्रा फिर शुरू

देहरादून : भारी बारिश व भूस्खलन की वजह से उत्तराखंड के हालात गंभीर बने हुए हैं। पर्यटक व व धार्मिक स्थलों की बहुलता वाले इस राज्य में विभिन्न राज्यों के फंसे पर्यटकों ने कहा है कि हम काफी मुश्किल में हैं और प्रशासन की ओर से हमें कोई मदद नहीं मिल रही है। इस बीच चार धाम यात्रा को फिर से शुरू कर दिया गया है। साथ ही नैनीताल का कालाढूंगी वाला रास्ता भी खुल गया है।

न्यूज एजेंसी एएनआइ से एक फंसे पर्यटक ने कहा, प्रशासन की ओर हमको किसी तरह की मदद नहीं मिली। बिजली-पानी न होने से हमें तीन दिनों से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, हमने पैसे भी घर से मंगवाए हैं।


उधर, उत्तराखंड के हालात के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज शाम प्रदेश के दौरे पर पहुंचेंगे और हालात का जायजा लेंगे। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, हवाई सर्वेक्षण द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नुकसान का आकलन करेंगे। अभी तक 46 लोगों के हताहत होने की खबर आई है जिसमें से 11 लोग लापता और कुछ घायल हैं। राहत और बचाव कार्य में सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, बीआरओ व एनजीओ के लोग लगे हुए हैं।


मुख्यमंत्री धामी ने कहा प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि आपदा से प्रभावित लोगों को खाने-पीने की व्यवस्था कराई जाए। राज्य सरकार आपदा में मारे गए परिवारजनों को 4 लाख रुपए का मुआवज़ा देगी। आपदा और राहत कार्य के लिए हर ज़िलाधिकारी को 10 करोड़ की राशि स्वीकृत की है।


उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार ने आज कहा, नैनीताल का कालाढूंगी वाला रास्ता खुल गया है और वहां फंसे हुए पर्यटकों को निकाला गया है। हल्द्वानी से अल्मोड़ा का मुख्य मार्ग बाधित है। अभी उसमें समय लगेगा क्योंकि वह कई जगह से टूटा हुआ है। गढ़वाल में मौसम खुल चुका है और चारधाम यात्रा शुरू हो चुकी है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More