अयोध्या मामला : मुसलिम पर्सनल लाॅ बोर्ड सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ दायर करेगा रिव्यू पिटिशन

 

नयी दिल्ली : ऑल इंडिया मुसलिम पर्सनल लाॅ बोर्ड की रविवार की बैठक में यह तय किया गया कि वह अयोध्या मामले पर सुप्रीम कोर्ट के पिछले सप्ताह आए फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दायर करेगा. बोर्ड के सदस्य जफरयाब गिलानी ने बैठक के बाद कहा कि हमने रिव्यू पिटिशन दायर करने का फैसला किया है. हम जमीन का कोई अन्य साधारण टुकड़ा नहीं लेंगे. उन्होंने कहा कि हमें शरीयत कानून के अनुसार, बाबरी मसजिद की जमीन ही चाहिए. जफरयाब गिलानी सुन्नी वक्फ बोर्ड के अयोध्या मामले में वकील भी हैं. उन्होंने कहा कि अयोध्या मामले पर फैसले के 30 दिन के अंदर पुनर्विचार याचिका दायर करने के लिए हम अपनी पूरी शक्ति लगा देंगे.

मुसलिम पर्सनल लाॅ बोर्ड के सदस्य सैयद कासिम रसूल इलियासी ने कहा कि हमलोगों ने यह फैसला किया है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के खिलाफ पुनर्विचार याचिका दायर करेंगे. वहीं, मौलाना रहमान वली ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले में कुछ चीजें विरोधाभाषी हैं. उन्होंने कहा कि शरीयत लाॅ के अनुसार, एक बार जहां मसजिद बन गयी है वह वहीं दोबारा बनेगी. उन्होंने कहा कि शरीयत के अनुसार, मसजिद के बदले पैसे, भूमि या और कोई चीज नहीं ली जा सकती है.

मालूम हो कि सुप्रीम कोर्ट के अब रिटायर्ड हो चुके चीफ जस्टिस रंजन गोगई की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय संविधान पीठ ने पिछले सप्ताह विवादित भूमि रामलला को देने का फैसला दिया था और मसजिद के लिए अयोध्या मेें सरकार को अलग से पांच एकड़ भूमि देने का आदेश दिया था. साथ ही मंदिर निर्माण के लिए तीन-चार महीने में एक ट्रस्ट बनाने को कहा था. सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला पुरातात्विक साक्ष्यों के आधार पर दिया था.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More