शाहीनबाग प्रोटेस्ट में शामिल हुईं बिलकिस को टाइम पत्रिका में मिली जगह, जानिए कौन हैं वो

 

Shaheen Bagh protester Bilkis is among TIME’s most influential people of 2020

नयी दिल्ली : नागरिकता संशोधन कानून   (Citizenship Amendment Act) और एनआरसी के मुद्देे पर दिल्ली के शाहीनबाग इलाके में विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं बुजुर्ग महिला बिलकिस (Bilkis) को प्रतिष्ठित टाइम मैगजीन (TIME Magazine)  में जगह मिली है. बिलकिस बानो को इस साल पत्रिका ने 100 प्रभावशाली लोगों में शामिल किया है. 82 साल की बिलकिस इस साल की शुरुआत में दिल्ली के शाहीनबाग में हो रहे विरोध प्रदर्शन में सुबह आठ बजे से देर रात तक हाथ में तिरंगा झंडा लिए शामिल होती थीं.

उन्होंने उस समय उस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के दौरान कहा था कि वे इसमें तबतक हिस्सा लेती रहेंगी जब तक उनकी नसों में एक बूंद भी खून बाकी है. उन्होंने कहा था कि वे इस विरोध प्रदर्शन में इसलिए हिस्सा ले रही है ताकि देश व दुनिया के बच्चे समता व न्याय की खुली हवा में सांस ले सकें.

मालूम हो कि शाहीनबाग नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का राष्ट्रीय प्रतीक बन गया था और उस जगह पर सबसे लंबा आंदोलन चला. वह आंदोलन कोरोना संक्रमण बढने के बाद तब खत्म हुआ जब पुलिस ने उन्हें संक्रमण फैलने की चेतावनी देकर वहां से हटाया.

बिलकिस दादी के नाम से भी जानी जाती हैं. वे शाहीनबाग में युवा महिलाओं के साथ प्रदर्शन में हिस्सा लेती थीं और आंदोलन की एक पहचान बन चुकी थीं.

गूगल के सीइओ सुंदर पिचाई और लंदन में रहने वाले भारतीय मूल के डाॅक्टर रवींद्र गुप्ता को भी 100 प्रभावशाली लोगों में जगह मिली है.

दुनिया के 100 प्रभावशाली लोगों में पीएम मोदी भी शामिल

दुनिया के 100 प्रभावशाली लोगों की सूची में टाइम मैगजीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी शामिल किया है. इसके साथ ही इस सूची में भारत से फिल्म अभिनेता आयुष्मान खुराना भी शामिल किए गए हैं.

25 वर्षीया रैपर मेगन को कवर पेज पर मिली जगह

100 प्रभावशाली लोगों में टाइम मैगजीन ने टैक्सास की ब्लैक रैपर मेगन थे स्टालियन को भी शामिल किया है. उन्हें हाॅट गर्ल मेग के नाम से भी जाना जाता है. वे नस्लीय समानता की प्रतीक बन उभरी हैं.

 

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More