रांची के अखबार : राजीव गौबा का बयान – लाॅकडाउन अवधि बढाने की फिलहाल कोई योजना नहीं, अन्य खबरें

रांची : रांची के अखबारों में कोरोना संक्रमण और सरकार की केंद्र से लेकर राज्य स्तर तक की पहल ही बड़ी खबर है.
प्रभात खबर की लीड खबर का शीर्षक है: सरकार बोली – अफवाहों से बचें, लाॅकडाउन 14 अप्रैल से आगे नहीं. सरकार की अपील है कि हर हाल में घर में रहें, एक व्यक्ति की लापरवाही कोरोना महामारी को बढा देगी. दरअसल, लाॅकडाउन अवधि बढने की संभावना संबंधी मीडियो रिपोर्टाें को कैबिनेट सेक्रेटरी राजीव गौबा ने खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि इसे 14 अप्रैल से आगे बढाने का कोई प्लान नहीं है. स्वास्थ्य सचिव लव अग्रवाल का बयान है कि भारत में अभी तक कम्युनिकी ट्रांसमिशन का संकेत नहीं है. एक खबर है कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने सात परीक्षाओं के फाॅर्म भरने की तिथि बढा दी है. अंदर के पन्ने पर एक खबर है कि दूसरे राज्यों में फंसे झारखंड के मजदूरों के पास न पैसे हैं, न खाना. अखबार ने अलग-अलग जगह से ऐसी कई रिपोर्ट छापी है. एक खबर है नेपाल से आए पुलिस कर्मी को संक्रमण, रिम्स में भर्ती. उस पुलिसकर्मी के संपर्क में आए लोगों को क्वारंटाइन किया गया है. हालांकि अभी सैंपल जांच रिपोर्ट का इंतजार है कि मरीज कोरोना पाॅजिटिव है या नहीं.
हिंदुस्तान की लीड खबर भी लाॅकडाउन अवधि नहीं बढाने से संबंधित है. शीर्षक है : लाॅकडाउन बढाने का इरादा नहीं. कोरोना का राष्ट्रव्यापी अपडेट है एक दिन में सबसे ज्यादा 227 मामले, पांच और मरे. वहीं, प्रदेश की खबर है: चिंता: सूबे में संदिग्धों की तादाद तेजी से बढी. अखबार ने लिखा है कि 98 नए संदिग्ध सामने आए हैं. कुल संदिग्ध 271, निगेटिव 262, प्रतीक्षारत नौ मामले. एक संतोष की खबर यह है कि रिम्स में कोरोना जांच की दूसरी मशीन शुरू हो गयी है. यह खबर भी है कि रांची के मसजिद में 17 विदेशी पकड़े गए. अस्पतालों व दुकानों में जरूरी दवाओं की किल्लत की खबर भी अखबार ने प्रमुखता से दी है. प्रवासी कामगारों के पलायन पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से रिपोर्ट मांगी है और इसे बड़ी समस्या बताया. एक खबर है कि बीएचयू में स्ट्रीप तकनीक से कोरोना की जांच होगी.
दैनिक जागरण की लीड खबर है : और नहीं बढेगा लाॅकडाउन. कैबिनेट सचिव राजीव गौबा ने कहा कि इसे 21 दिन से आगे बढाने की अटकलें गलत है, फिलहाल इसे आगे बढाने की कोई योजना नहीं है. झारखंड की खबर है कि अब दाल-भात केंद्रों में मुफ्त में मिलेगा भरपेट भोजन. एक खबर है कि तब्लीगी मरकज में शामिल छह की तेलंगाना में मौत. यह खबर भी है कि रांची में छिपे 17 विदेशियों सहित 24 लोग हिरासत में. यह खबर हिंदपीढी की बड़ी मसजीद में मिले विदेशियों के संबंध में है. अखबार ने एक खबर छापी है कि अहम भूमिका में झारखंड कैडर के अफसर. यह खबर कोरोना से जंग में झारखंड कैडर के दो अफसरों राजीव गौबा व अमित खरे की बड़ी भूमिका की है.




