निर्भया केस : पटियाला हाउस कोर्ट ने दोषी विनय शर्मा की उच्च स्तरीय इलाज की मांग वाली याचिका ठुकराई

नयी दिल्ली : दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने आज निर्भया गैंगरेप केस के चार दोषियों में से एक विनय शर्मा की उच्च स्तरीय इलाज की मांग वाली याचिका को ठुकरा दिया है. विनय शर्मा ने परसों अपने वकील के माध्यम से यह याचिका लगायी थी और कहा था कि वह मानसिक रूप से बीमार है. दरअसल, उसने फांसी से बचने के लिए जेल में कड़ी सुरक्षा के बावजूद खुद का सिर दीवार से पटक कर अपने को जख्मी कर लिया था, हालांकि खतरे जैसी कोई बात नहीं है.


परसों याचिका पर सुनवाई के बाद पटियाला हाउस कोर्ट ने तिहाड़ जेल प्रशासन से इस मामले में रिपोर्ट मांगी थी. अदालत ने कहा कि मौत की सजा के मामले में चिंता व ड्रिपेशन सामान्य है. अदालत ने कहा कि दोषी को पर्याप्त चिकित्सा व मनोवैज्ञानिक मदद मुहैया करायी गयी है.


मालूम हो कि निर्भया के चारों दोषियों के लिए अदालत ने तीन मार्च को फांसी की सजा के लिए डेथ वारंट जारी किया है. यह इस मामले में तीसरा डेथ वारंट है. अदालत के फैसले के बाद निर्भया की मां आशा देवी ने संतोष प्रकट किया और कहा कि उन्हें उम्मीद है कि तीन मार्च को उन्हें फांसी पर चढाया जाएगा. उन्होंने कहा कि दोषी अदालत को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More