मोदी सरकार में 43 मंत्री आज लेंगे शपथ, बिहार से आरसीपी व पारस तो झारखंड से अन्नपूर्णा का नाम

 

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार शाम अपने दूसरे कार्यकाल में पहली बार मंत्री मंडल का पुनर्गठन करने जा रहे हैं। मोदी सरकार में 43 सदस्य आज मंत्री पद के शपथ लेंगे। इसमें आके सिंह, हरदीप सिंह पुरी व अनुराग ठाकुर सहित कई ऐसे नाम हैं, जो अभी बतौर मंत्री काम कर रहे हैं, लेकिन शपथ लेने वालों की सूची में उनका नाम शामिल है। इससे यह स्पष्ट है कि राज्य मंत्री या स्वतंत्र प्रभार के राज्य मंत्री के तौर पर काम कर रहे इन पुराने चेहरों को प्रमोट कर अब कैबिनेट मंत्री बनाया जाएगा।

मंत्रियों के नामों की सूची सामने आ चुकी है, जिसे देखने से यह स्पष्ट लगता है कि मोदी सरकार क्षेत्रीय, जातीय व एनडीए के सहयोगी दलों तीनों की सहभागिता में संतुलन बनाना चाहती है।

मोदी सरकार में बिहार से जदयू के आरसीपी सिंह कैबिनेट मंत्री के तौर पर व लोजपा के पारस गुट से पशुपति कुमार पारस मंत्री पद की शपथ लेंगे। सूची से बिहार भाजपा के कद्दावर नेता सुशील कुमार मोदी व जदयू के ललन सिंह का नाम गायब है।

वहीं, झारखंड से कोडरमा की सांसद अन्नपूर्णा देवी का नाम मंत्रियों की सूची में शामिल है। झारखंड में आजसू की केंद्र सरकार में हिस्सेदारी की दावेदारी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस तरह ठुकरा दिया है।

मंत्रियों की सूची में नारायण राणे, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सर्वानंद सोनेवाल, वीरेंद्र कुमार का नाम शामिल है। अपना दल की अनुप्रिया पटेल का नाम भी शामिल है। उत्तराखंड से अजय भट्ट, दिल्ली से मीनाक्षी लेखी, कर्नाटक से शोभा करंदलाजे का नाम सूची में शामिल है। भाजपा की चुनावी राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले भूपेंद्र यादव का नाम भी मंत्रियों की सूची में शामिल है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More