हिमाचल के कुल्लू में बादल फटने से मची तबाही, कई लोगों के लापता होने की आशंका

शिमला : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में बुधवार को बादल फटने से बड़ी तबाही मची है। बादल फटने की घटना में कई लोगों के लापता होने की आशंका है। घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक गुरुदेव सिंह ने बताया कि कुल्लू के मणिकर्ण घाटी के चोझ गांव में भारी बारिश और बादल फटने से आई बाढ़ में चार से छह लोग और कई मवेशी बह गए।’
इस दौरान कसोल-जयमाला रोड पर हुए भूस्खलन के बाद एक बचाव दल चलाल पंचायत के चोझ गांव के रास्ते में फंस गया है। बचाव अभियान के लिए दमकल और पुलिस की टीम मौके पर भेजी गई हैं। इधर, भारी बारिश ने शिमला में भी कहर बरपाया है, जहां ढल्ली सुरंग के पास भूस्खलन की चपेट में आकर एक किशोर की मौत हो गई है और दो अन्य घायल हुए हैं।
इसके अलावा, कुल्लू जिले की टी भुंतर तहसील के मलाणा परियोजना में सुबह 7.35 बजे अचानक बाढ़ आ जाने की वजह से 25 से 30 श्रमिक एक इमारत के अंदर फंस गए थे। हालांकि, सभी को सुरक्षित बचा लिया गया।




