महाराष्ट्र में शिवसेना का होगा सीएम, पवार बोले – पूरे पांच साल चलेगी सरकार

शिवसेना, एनसीपी व कांग्रेस ने कल गवर्नर से मिलने का समय मांगा

 

मुंबई : महाराष्ट्र में शिवसेना, एनसीपी व कांग्रेस की सरकार बनना लगभग तय हो गया है. मुख्यमंत्री शिवसेना का होगा और यह ठाकरे परिवार को तय करना है कि इस पर पर कोई ठाकरे बैठेगा या पार्टी के किसी और सदस्य को इसका मौका मिलेगा. एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार ने आज कहा कि राज्य में सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू हो गयी है. उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार पूरे पांच साल के कार्यकाल तक चलेगी. शरद पवार ही वह शख्स हैं जिनके सुझाव पर हड़बड़ी में सरकार गठन की प्रक्रिया आगे नहीं बढायी गयी और कल ही साझा न्यूनतम कार्यक्रम तैयार किया गया.

 

उधर, एनसीपी के नेता व साझा न्यूनतम कार्यक्रम का मसौदा तैयार करने वाले दल के सदस्य नवाब मलिक ने कहा कि बार-बार यह पूछा जा रहा है कि शिवसेना का सीएम होगा क्या. उन्होंने कहा कि सीएम के पोस्ट को लेकर ही शिवसेना-बीजेपी के बीच में विवाद हुआ तो निश्चित रूप से मुख्यमंत्री शिवसेना का होगा. उन्होंने कहा कि शिवसेना को अपमानित किया गया है और उनका स्वाभिमान बनाये रखना हमारी जिम्मेदारी बनती है.

 

वहीं, महाराष्ट्र में तीनों दलों ने अपनी साझा राजनीतिक सक्रियता शुरू कर दी है. शिवसेना, एनसीपी एवं कांग्रेस ने कल राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात का समय मांगा है. इन दलों ने किसानों के मुद्दे पर अपना पक्ष रखने के लिए समय की मांग की है. मालूम हो कि ढाई सप्ताह तक राज्य में सरकार गठन नहीं हो पाने पर गवर्नर ने राष्ट्रपति शासन की सिफारिश की थी, जिसे केंद्र ने लागू कर दिया. इस प्रकार से सूबे की कमान अभी राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के हाथों में ही है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More