महाराष्ट्र में रातोंरात बदल गये सत्ता के समीकरण, सुबह-सुबह फडणवीस बने सीएम, अजीत पवार बने डिप्टी सीएम

 

मुंबई: भारत की राजनीति में महाराष्ट्र में रातोंरात एक अजूबा हुआ. कल देर शाम तक सरकार गठन के लिए शिवसेना, कांग्रेस एवं एनसीपी की चली बैठक के बाद समीकरण कुछ ऐसे बदले की सुबह-सुबह सूबे में भाजपा एवं शरद पवार की पार्टी एनसीपी की सरकार बन गयी. सुबह राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने राजभवन में मुख्यमंत्री के रूप में भाजपा के नेता देवेंद्र फडणवीस को शपथ ग्रहण करवाया, जबकि एनसीपी के नेता अजीत पवार ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली.

मालूम हो कि कल ही शरद पवार ने एलान किया था कि शिवसेना चीफ उद्धव ठाकरे शिवसेना, एनसीपी व कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री होंगे. वहीं, कांग्रेस ने कहा था कि शनिवार को फिर इस संबंध में बैठक होगी.

हालांकि तीन दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शरद पवार की मुलाकात के बाद से ही यह संभवना जतायी जा रही थी कि भाजपा एवं एनसीपी गठबंधन कर सरकार बना सकते हैं. खबर में यह भी कहा गया था कि इसके बदले केंद्र में एनसीपी को सरकार में जगह दी जा सकती है और 2022 में शरद पवार को राष्ट्रपति तक का पद आॅफर किया जा सकता है.

भाजपा ने अपनी इस राजनीति से शिवसेना चीफ उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री बनने के सपने पर पानी फेर दिया. भाजपा से करीब आधी सीटें लाने के बावजूद शिवसेना इस जिद पर अड़ कर भाजपा से अलग हुई कि मुख्यमंत्री का पद आधे-आधे कार्यकाल के लिए दोनों दलों में बंटे.

भाजपा ने शिवसेना की बात नहीं मानी और फिर शिवसेना ने सरकार गठन के लिए एनसीपी व कांग्रेस से संपर्क किया. कई चरण की बैठक के बाद भी तीनों दल किसी ठोस फैसले पर नहीं पहुंच पाए.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More