मध्यप्रदेश व राजस्थान में बाढ से बढी परेशानी, यूपी-बिहार में बढ रहा नदियों का जलस्तर

राजस्थान में बाढ से कोटा में बढी परेशानी

भोपाल/जयपुर/प्रयागराज/पटना : मध्यप्रदेश व राजस्थान के कई इलाके बाढ की चपेट में हैं। मध्यप्रदेश में बारिश एवं बाढ के कारण 20 हजार से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मध्यप्रदेश से जुड़े एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह दुःखद है कि मध्यप्रदेश के अनेक जिलों में बारिश एवं बाढ की परिस्थिति बनी हुई है। अनेक साथियों का जीवन व आजीविका प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार व पूरा देश इस घड़ी में मध्यप्रदेश के साथ खड़ा है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि छह हजार से अधिक लोगों को बचाया गया है और 20 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि जिनके घर नष्ट हुए हैं उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना से राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में वे राजनीति की नहीं सहयोग की उम्मीद करते हैं।

मालूम हो मध्यप्रदेश के ग्वालियर-चंबल संभाग में लगातार बारिश हो रही है। पूरे अगस्त महीने के कोटे की बारिश पिछले छह दिनों में हो गयी है। छह दिनों में यहां 433 मिमी बारिश हुई है। ग्वालियर के चांदपुर में 260 मकान मलबे में बदल गए हैं। जिले के सिंध, पार्वती व नोन नदी उफान है और इलाके के 46 गांव बाढ की चपेट में हैं।

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने राज्य के शिवपुरी जिले के बाढ प्रभावित इलाकों का शनिवार को हवाई सर्वे भी किया। वे ग्यालियर-चंबाल संभाग में बाढ के हालात का जायला लेने निकले हैं।

 

राजस्थान के बाढ जिले में भारी बारिश से लोगों की परेशानी बढ गयी है। ग्रामीण इलाकों में पानी घुसने से परेशानी बढती जा रही है। भीमसागर बांध का पानी छोड़े जाने के बाद सांगोद कस्बा जलमग्न हो गया। खतौली व इटावा में पहले से बाढ की स्थिति है। सेना एवं एनडीआरएफ की टीमें राहत कार्य चला रही हैं। हालांकि पानी की तेज धार होने के कारण राहत बचाव कार्य में दिक्कत आ रही है।

कोटा के स्थानीय सांसद एवं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हेलिकॉप्टर से बाढ प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे किया है।

उत्तरप्रदेश व बिहार में बढ रहा जलस्तर

उत्तरप्रदेश व बिहार के कई इलाकों में भी नदियों का जलस्तर लगातार बढ रहा है। बिहार का कोसी क्षेत्र के लिए मानसून का महीना दिक्कतों से भरा होता है।

न्यूज एजेंसी एएनआइ के अनुसार, उत्तरप्रदेश के प्रयागराज में गंगा व यमुना नदी ख्तरे के निशान के पास बह रही है। जलस्तर बढने से आसपास के निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं। एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि करीब 1500 मकान डूब गए हैं।


वहीं, बिहार में बारिश की वजह से गंगा का जलस्तर लगातार बढ रहा है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More