पुरानी रंजिश में यूपी के कासगंज में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या, दो घायल

कासगंज (उत्तरप्रदेश) : उत्तरप्रदेश में अपराध की घटनाएं नियंत्रण से बाहर दिख रही हैं। रविवार देर शाम कासगंज जिले के होडलपुर गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की 15 से 20 की संख्या में आए अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी। अंधाधुंध फायरिंग से तीन लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। होडलपुर गांव सोरों थाना क्षेत्र में पड़ता है। घटना के पीछे डेढ साल पहले आनर किलिंग से उपजी रंजिश को वजह बताया जा रहा है।
इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने देर रात तक पुलिस को गांव में नहीं घुसने दिया, हालांकि देर रात पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। घटना के बाद गांव के अधिकतर पुरुष सदस्य फरार बताए जा रहे हैं।
कासगंज: एक ही परिवार के 3 लोगों की हत्याओं से दहला कासगंज
रंजिश में 3 लोगों को उतारा मौत के घाट, 1 गंभीर घायल
तबतोड़ गोलियां मारकर 3 लोगों को उतारा,सोरों कोतवाली क्षेत्र के होड़लपुर की घटना। https://t.co/JhVjoTbn2n pic.twitter.com/P4asWtkqrX— Aditya Tiwari (@aditytiwarilive) July 26, 2020
रविवार को प्रदेश में दो दिनों के साप्ताहिक लाॅकडाउन का दूसरा दिन था। गांव के प्रधान सत्यवती के परिवारजनों पर गांव के ही केके राजपूत व उसके समर्थकों ने घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में प्रधान सत्यवती के पति ब्रजेंद्र के भाई रूद्र, चाचा प्रेम सिंह और राधाचरन की मौत हो गई। राधाचरन प्रेम सिंह के बेटे हैं। गोलीबारी में रूद्र व राधाचरन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रेम सिंह का शव तालाबा में मिला। गोलीबारी की इस घटना में गुड्डू व प्रमोद भी घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अलीगढ भेजा गया है, जहां प्रमोद की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रधान के परिवार केके राजपूत के परिवार में सालों से रंजीश चली आ रही है। दो साल पहले गांव में हत्या की एक घटना और डेढ साल पहले आॅनर किलिंग की एक घटना से दुश्मनी और बढ गई। रविवार शाम गांव में शराब के एक ठेके पर प्रधान के तरफ के एक व्यक्ति का केके राजपूत के पक्ष के एक व्यक्ति से विवाद हो गया और मामला गोलीबारी तक पहुंच गया। इस घअना के बाद प्रधान के पति ब्रजेंद्र ने पुलिस अफसरों के सामने कहा कि वे उनका भी एनकाउंटर कर दें, नहीं तो वे किसी को छोड़ेंगे नहीं। उन्होंने सोरों थाना पुलिस पर भी आरोप लगाए।
हत्याकांड के बाद स्थानीय पुलिस गांव से बाहर काफी देर तक खड़ी रही। जब एएसपी आदित्य वर्मा जिले के अलग-अलग थानों के पुलिस को लेकर गांव पहुंचे तभी वह अंदर प्रवेश कर पाई।


