संबित पात्रा कोरोना के लक्षण दिखने पर अस्पताल में भर्ती, पप्पू यादव ने लिखा – पता करें किस मरकज में गए थे

नयी दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी के चर्चा में रहने वाले प्रवक्ता संबित पात्रा कोरोना जैसे लक्षण दिखने के बाद अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं. न्यूज 18 हिंदी वेबसाइट ने पीटीआइ के हवाले से खबर दी है कि कोरोना वायरस के लक्षण मिलने के बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अस्पताल में उनके भर्ती होने की खबर आते ही संबित पात्रा ट्विटर पर टाॅप ट्रेंड में शुमार हो गए. उनके हैशटैग पर लोग तरह-तरह के ट्वीट करने लगे. किसी ने संबित पात्रा की फास्र्ट रिकवरी का कामना की तो किसी ने कोई और बात लिखी.

भाजपा समर्थक माने जाने वाले जफर सेरेशवाला ने ट्विटर पर संबंधित खबर को ट्वीट करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की. उन्होंने संबित पात्रा को टैग करते हुए उनके स्वस्थ होने की प्रार्थना की. वहीं, पूर्व सांसद व जनधिकारी पार्टी के संरक्षक पप्पू यादव ने लिखा: संबित पात्रा जी में कोरोना के लक्षण का संदेह, वायरस का लक्षण तो 2014 से ही दिख रहा था. वह शीघ्र मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ हो जाएं. कोई पता करें कि वह किस मरकज में गए थे. प्लीज उनका कोई मजाक न बनाए.


कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने संिबत पात्रा की बेहतरी की कामना की और उम्मीद जतायी कि वे जल्द रिकवर करेंगे. पत्रकार अर्णब गोस्वामी ने लिखा – संबित पात्रा में कोरोना का लक्षण, गुरुग्राम के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया. भगवान उन्हें जल्द ठीक कर दें. उल्लेखनीय है कि संबित पात्रा कल तक टीवी बहस में शामिल हुए थे और आज सुबह उन्होंने ट्वीट कर वीर सावरकर को उनकी जयंती पर नमन किया था. उसके बाद उनका कोई दूसरा ट्वीट नहीं आया है, हालांकि वे सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहने वाले नेता हैं.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More