दिल्ली में केजरी सरकार ने प्लाज्मा थेरेपी से शुरू किया कोरोना का इलाज, जानिए एम्स के निदेशक की राय

नयी दिल्ली : दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार ने प्लाज्मा थेरेपी से कोरोना मरीजों का इलाज शुरू करवाया है. इस पर देश के सबसे बड़े अस्पताल एम्स के निदेशक डाॅ रणदीप गुलेरिया ने भी अपनी राय रखी है.

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज इस संबंध में कहा कि लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल में चार मरीजों पर प्लाज्मका का ट्रायल करके देखा, उसके अबतक के नतीजे उत्साहवर्द्धक है. उन्होंने कहा कि मंगलवार को दो मरीजों को प्लाज्मा थेरेपी दी गयी थी, आज शायद उन्हें आइसीयू से छुट्टी मिल जाएगी. जो दो और मरीज हैं उन्हें कल प्लाज्मा दिया गया था, 24 घंटे में ही उन्होंने काफी अच्छे नतीजे दिखाए हैं. आज दो या तीन और मरीजों को प्लाज्मा दिया जाएगा.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने हमें एलएनजेपी अस्पताल के गंभीर मरीजों पर प्लाज्मा थेरेपी की अनुमति दी थी. अगले दो से तीन दिन और हम ट्रायल करेंगे और उसके बाद अगले हफ्ते केंद्र सरकार से पूरी दिल्ली के कोरोना के गंभीर मरीजों को प्लाज्मा थेरेपी देने की इजाजत मांगेंगे. मालूम हो कि इस थेरेपी में कोरोना से ठीक हुए मरीजों के प्लाज्मा से ही पीड़ित व्यक्ति का इलाज किया जाता है, हालांकि इसके लिए कुछ मानक हैं जिनका पालन करना होता है. जैसे आयु 65 वर्ष से अधिक न हो, रक्त में हिमोग्लोबीन का स्तर अच्छा हो, सहित कुछ और.


वहीं, इस मामले में एम्स के निदेशक डाॅ रणदीप गुलेरिया ने कहा है कि प्लाज्मा थेरेपी उपचार का एकमात्र तरीका नहीं है. ऐसा नहीं है कि ये सभी मरीजों में कारगर होगी ही. जो खून ठीक हुए मरीज दे रहे हैं, उसमें अच्छी मात्रा में एंटीबाडीज होनी चाहिए. हमें इसे एक मैजिक बुलेट की तरह नहीं लेना चाहिए. उन्होंने कहा कि प्लाज्मा थेरेपी 100 सालों से अधिक समय से मौजूद है. सबसे पहले इसका उपयोग 1918 की महामारी में हुआ था. छह-दस मरीजों की दो छोटी स्टडी हुई हैं, जिसमें ये पता चला है कि कोरोना वायरस में यह उपयोगी हो सकती है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More