दिल्ली में एम्स की चौथी मंजिल से कूदकर कोरोना पीड़ित पत्रकार तरुण सिसोदिया ने की आत्महत्या

नयी दिल्ली : दिल्ली के एम्स अस्पताल में इलाजरत 34 वर्षीय पत्रकार तरुण सिसोदिया ने चौथी मंजिल से सोमवार को कूदकर आत्महत्या कर ली. तरुण सिसोदिया कोरोना संक्रमित थे और पिछले दो सप्ताह से एम्स में भर्ती थे. चौथी मंजिल से कूदने के बाद उनके शरीर में गंभीर चोट आयी जिससे उनकी मौत हो गयी. तरुण सिसोदिया दो महीने पूर्व की एक बच्ची के पिता बने थे और दैनिक भास्कर अखबार में हेल्थ रिपोर्टर थे.


उनके निधन पर पत्रकारों की ओर से सोशल मीडिया पर सवाल उठाया जा रहा है और कहा जा रहा है कि ऐसी परिस्थिति बनायी गयी जिससे तरुण ने आत्महत्या कर ली. तरुण को 24 जून को एचडीवी यूनिट में शिफ्ट किया गया था. एक पत्रकार होने के कारण वे पत्रकारों के वाट्सएप ग्रुप में शामिल थे और अस्पताल के अंदर की अव्यवस्था व दिक्कतों को शेयर कर देते थे या या अपने मित्रों को बता देते थे. इससे अस्पताल प्रशासन पर सवाल उठ जाता था.


कहा जा रहा है कि तरुण को ऐसे वार्ड में शिफ्ट किया गया जहां उनके पास मोबाइल फोन नहीं था और वे कट गए. तरुण अपने परिवार से बात करवाने का भी आग्रह कर रहे थे, जिस पर कोई सुनवाई नहीं हो रही थी. इसके साथ ही उनके कुछ मित्रों ने उनको आॅक्सीजन नहीं उपलब्ध होने का मामल भी उठाया है. पत्रकार इस मामले की मजिस्ट्रेट या रिटायर जज से जांच कराने की मांग कर रहे हैं.

उधर, स्वास्थ्य मंत्री डाॅ हर्षवर्द्धन ने इस पर गहरा दुःख जताया है. उन्होंने ट्विटर पर लिखा है कि युवा पत्रकार तरुण सिसोदिया की मौत से गहरा दुख हुआ है. यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, मेरे पास दुख व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं. उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More