अमित शाह ने एएनआइ को दिए इंटरव्यू में चीन मुद्दे व राहुल गांधी पर क्या कहा?

नयी दिल्ली : गृहमंत्री व भाजपा नेता अमित शाह ने आज न्यूज एजेंसी एएनआइ को एक इंटरव्यू दिया जो दिल्ली के कोरोना संक्रमण पर केंद्रित था. हालांकि इस दौरान शाह ने भाजपा में लोकतंत्र व चीन के मुद्दे पर संक्षिप्त रूप से अपनी बात कही. उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से जुड़े सवालों पर भी बोला.
Watch Home Minister Shri @AmitShah‘s interview to ANI. https://t.co/Hr20dS48h8
— BJP (@BJP4India) June 28, 2020
अमित शाह ने भाजपा में लोकतंत्र पर पूछे गए सवाल का जवाब दिया. शाह ने कहा कि लोकतंत्र एक व्यापक सवाल है. उन्होंने कहा आडवाणी जी के बाद राजनाथ सिंह अध्यक्ष बने, फिर नितिन गडकरी, फिर राजनाथ सिंह और फिर मैं खुद अध्यक्ष बना. अब जेपी नड्डा बने हैं. अमित शाह ने कहा कि इंदिरा जी के बाद कांग्रेस पार्टी का एक अध्यक्ष बता दीजिए जो गांधी परिवार के बाहर का है. उन्होंने कहा कि मेरे दस साल का ट्वीट निकाल लीजिए, हर 25 जून को इमरजेंसी पर बयान देता हूं कि इसे नहीं भूलना नहीं चाहिए यह हमारे देश की नींव पर, लोकतंत्र पर हमला था. उन्होंने कहा कि हर बार प्रसंग के अनुसार भाषा व टोन बदल जाती है.
अमित शाह ने कहा कि भारत एंटी इंडिया प्रोपेगेंडा के लिए पूरी तरह सक्षम है. उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि यह उनके (Congress) लिए चिंता का विषय है, उनके नेता के हैसटैग को पाकिस्तान व चीन आगे बढा रहा है.
चीन के सवाल पर उन्होंने कहा कि संसद होगी चर्चा करनी है तो आइए, 1962 से अभी तक की चर्चा कर लेंगे. उन्होंने कहा कि जब देश के जवान खून बहा रहे हैं तब पाकिस्तान व चीन खुश हो ऐसा नहीं होना चाहिए. इतने बड़े राजनीतिक दल के पूर्व अध्यक्ष ओछी राजनीति करते हैं. यह उनके लिए चिंता का विषय है कि आप ऐसी बात करते हो कि उसे पाकिस्तान व चीन पसंद करते हैं. एएनआइ ने सरेंडर मोदी हैसटैग के ट्रेंड करने पर अमित शाह से सवाल पूछा था.
अमित शाह ने कहा कि मैं राहुल गांधी को सलाह नहीं दे सकता, यह उनकी पार्टी के नेताओं का काम है. कुछ वक्रदृष्टा होते हैं, उन्हें सीधी बात भी वक्र दिखाई पड़ती है. कोरोना के खिलाफ भारत ने अच्छी लड़ाई लड़ी और दुनिया की तुलना में हमारे आंकड़े बहुत बेहतर हैं.
दिल्ली के कोरोना संकट पर क्या बोले शाह?
अमित शाह ने कहा कि दिल्ली में अभी कम्युनिटी ट्रांसमिशन जैसी स्थिति नहीं है. चिंता करने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि पहले आइसोलेशन बेड की कीमत 24 से 25 हजार रुपये थी अब आठ से दस हजार कर दी गयी है. बिना वेंटिलेटर के आइसीयू का पहले रेट 34 से 43 हजार था और अब उसे 13 से 15 हजार कर दिया गया है. वेंटिलेटर के साथ आइसीयू का रेट 44 से 54 हजार था उसे अब 15 से 18 हजार कर दिया गया है. इसमें रहने, टेस्ट और दवाइयों का खर्चा शामिल है.
अमित शाह ने कहा कि दिल्ली में कोरोना मरीज के 350 से अधिक शव बिना अंतिम संस्कार के पड़े थे. हमने तय किया कि दो दिनों के भीतर शवों का अंतिम संस्कार धर्म के अनुसार किया जाएगा. अभी कोई शव अंतिम संस्कार के बिना नहीं बचा है.


