बिहार चुनाव : कल भाजपा जिला मुख्यालय में बांटेगी उपलब्धियों का पर्चा तो राजद मनाएगा गरीब सम्मान दिवस

पटना : बिहार विधानसभा चुनाव के लिए कल यानी गुरुवार का दिन अहम होगा. कल भारतीय जनता पार्टी केंद्र सरकार व राज्य सरकार की उपलिब्धयों का पर्चा जिला मुख्यालय पर बांटेगी, वहीं मुख्य विपक्ष राष्ट्रीय जनता दल गरीब सम्मान दिवस का आयोजन करेगा. राजद यह आयोजन लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन के मौके पर करने जा रहा है. लालू प्रसाद यादव के पुत्र व राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा है कि हम केक काटकर या मोमबत्ती जला कर यह दिन नहीं मनाएंगे बल्कि हम गरीबों, बेरोजगारों व किसानों की चिंता करते हैं, वहीं राज्य सरकार केवल चुनाव की चिंता करती है.

उधर, सत्ताधारी खेमे ने कल से केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों का पर्चा घर-घर जाकर बांटने का निर्णय लिया है. सत्तापक्ष व विपक्ष की यह कवायद बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एक प्रकार से आम लोगों से संपर्क स्थापित करने की औपचारिक शुरुआत होगी.

भाजपा ने तय किया है कि 11 जून को जिला मुख्यालय पर पर्चा बांटने का कार्यक्रम करने के बाद 12 व 13 जून को विधानसभा वार यह अभियान चलाया जाएगा और फिर 14 जून से औपचारिक रूप से भाजपा के कार्यकर्ता मंडल स्तर पर जाएंगे और लोगों से संपर्क करेंगे. पार्टी ने उन्हें लोगों का पूरा डेटा यानी नाम, पता, बूथ व मोबाइल नंबर का ब्यौरा जुटाने का निर्देश दिया है.

भाजपा के पास कार्यकर्ताओं का विशाल नेटवर्क है, इसलिए वह इस प्रकार जनसंपर्क कर एक डेटाबेस तैयार करेगी जो उसके चुनाव अभियान में काम आएगा और लोगों से संपर्क करने या उन्हें मैसेज भेज कर चुनावी जानकारी देने का काम अधिक सहजता से करेगी.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More