बिहार : एनडीए में जदयू-भाजपा में 122-121 सीटों का बंटवारा, चिराग पर नीतीश-सुमो बोले

बिहार एनडीए ने सीटों के बंटवारे का किया ऐलान

पटना (Patna) : बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Elections 2020)को लेकर जदयू अध्यक्ष व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व भाजपा नेता व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने मंगलवार को एक प्रेस कान्फ्रेंस कर कहा कि कोई क्या कहता है इससे फर्क नहीं पड़ता है और हमारे मन में कोई गलतफहमी नहीं है। भाजपा के प्रभारी महासचिव भूपेंद्र यादव ने कहा कि नीतीश कुमार ही एनडीए के बिहार में नेता हैं और जो भी हमारे उम्मीदवार के खिलाफ मैदान में उम्मीदवार देता है, वह हमारे साथ नहीं है।

भूपेंद्र यादव ने कहा कि हमारा गठबंधन दो तिहाई बहुमत से बिहार में सरकार बनाएगा और नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री बनेंगे। भाजपा की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि गठबंधन से बाहर का कोई दल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तसवीर का अपने पक्ष में चुनाव में उपयोग नहीं करेगा और जरूरत पड़ेगी तो इसके लिए चुनाव आयोग को भी पत्र लिखा जाएगा। मालूम हो कि लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है और उनके डबल इंजन के फार्मूले को बिहार में सफल करने का संकल्प दोहराया है।

नीतीश कुमार ने कहा कि रामविलास पासवान के साथ पुराना संबंध है और कोई क्या बोलता है इससे फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि वे इस वक्त अस्वस्थ हैं। चिराग का नाम लिए बिना नीतीश कुमार ने कहा कि किसी को कुछ बोलने में आनंद आता है तो वे बोले, उसमें हमारी कोई रुचि नहीं है। नीतीश कुमार ने कहा कि रामविलास पासवान अगर राज्यसभा में गए तो क्या वह जदयू के समर्थन के बिना गए। उन्होंने कहा कि वे भाजपा और जदयू के समर्थन से ही राज्यसभा में गए थे, लोजपा की विधानसभा में कितनी सीट हैं।

मंगलवार को प्रेस कान्फ्रेंस में एनडीए के बीच सीटों के बंटवारे का ऐलान किया गया। सीट बंटवारे के फार्मूले से यह स्पष्ट है कि बिहार एनडीए में दो ही प्रमुख दल हैं जदयू और भाजपा. बिहार की 243 सीटों में 122 पर जदयू चुनाव लड़ेगा और भाजपा 122 सीट पर मुकाबला करेगी. जदयू और भाजपा एनडीए में लाए गए दो दलों हम व वीआइपी को अपने कोटे से सीट देंगे. जदयू जीतन राम मांझी की पार्टी हम को सात सीटें देगा तो भाजपा मुकेश सहनी की पार्टी वीआइपी को छह सीटें चुनाव लड़ने के लिए देगा।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More