रेप आरोपी कुलदीप सिंह सेंगर की पत्नी का टिकट भाजपा ने विवाद के बाद रद्द किया

लखनऊ (Lucknow News) : भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की पत्नी संगीता सेंगर (Kuldeep Singh Senger Wife) का जिला पंचायत का टिकट भाजपा ने विवाद के बाद काट दिया है। न्यूज एजेंसी एएनआइ के अनुसार, उत्तरप्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा है कि कुलदीप सिंह सेंगर की पत्नी संगीता सेंगर की उम्मीदवारी रद्द कर दी गयी है। उत्तरप्रदेश पंचायत चुनाव के भाजपा उम्मीदवारों की सूची में उनका नाम शामिल था।
भाजपा के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर (जो 2018 उन्नाव रेप मामले में दोषी हैं) की पत्नी संगीता सेंगर की उम्मीदवारी को रद्द कर दिया गया है: उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह
उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव के भाजपा उम्मीदवारों की सूची में उनका नाम था।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 11, 2021
उत्तरप्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा है कि उन्नाव जिला पंचायत के वार्ड नंबर 22 से संगीता सेंगर का टिकट हो गया था और अब उनका नाम रद्द कर दिया गया है, वे भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी नहीं रह जाएंगी और जिला अध्यक्ष से आग्रह किया गया है कि शीघ्र तीन नामों का पैनल भेजें।
आठ अप्रैल को भाजपा की ओर से जिला पंचायत चुनाव के लिए जारी उम्मीदवारों की सूची में संगीता सेंगर का नाम शामिल था। लेकिन, 2018 के उन्नाव नाबालिग बलात्कार मामले के दोषी कुलदीप सिंह सेंगर की पत्नी संगीता सेंगर को जिला पंचायत का टिकट दिए जाने पर विवाद उत्पन्न हो गया और इसके औचित्य पर सवाल उठने लगा, जिसके बाद भाजपा ने उनकी उम्मीदवारी रद्द कर दी।
उन्नाव जिला पंचायत के उम्मीदवारों की सूची में संगीता सेंगर को वार्ड नंबर 22 फतेहपुर चैरासी तृतीय से उम्मीदवार घोषित किया गया था। संगीता सेंगर उन्नाव जिला पंचायत की निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष भी हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उन्हें टिकट देने का विरोध रेप पीड़िता के परिवार ने भी किया था। उन्नाव के बांगरमऊ विधानसभा सीट से चार बार विधायक रहे कुलदीप सिंह सेंगर इस वक्त जेल में बंद है।


