हाइवा से टकराई बैंक मैनेजर की कार, 6 घायल

कोडरमा: रांची-पटना रोड के जेजे कॉलेज के समीप सुबह आठ बजे कोडरमा से तिलैया की ओर जा रही हाइवा और रांची से बाढ़ जा रही कार में जोरदार भिड़ंत होने से एक ही परिवार के छह लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। घटना के बाद हाइवा चालक वहां से फरार हो गया है और दुर्घटना में गाड़ी पूर्ण रुप से क्षतिग्रस्त हो गई है। मौके पर एसपी तामिल वानन दल-बल के साथ पंहुचे, जिसके बाद घायलों को अस्पताल पंहुचाया गया।
हादसे में इंडिगो कार सवार एक ही परिवार के छह सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान रांची स्थित आईडीबीआई बैंक के मैनेजर, उनकी बहन और चार बच्चों के रूप में हुई है। घायलों में शामिल बैंक मैनेजर की बहन 36 वर्षीय अर्चना कुमारी की हालत गंभीर बताई जा रही है। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद अर्चना को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य पांच घायलों का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि बैंक मैनेजर रोशन कुमार अपनी बहन और बच्चों के साथ छठ पर्व मनाने बिहार जा रहे थे। घायलों में 36 वर्षीय अर्चना कुमारी, 38 वर्षीय रोशन कुमार, 13 वर्षीय अभिनव कुमार, 13 वर्षीय अदिति कुमारी, 10 वर्षीय आदित्य कुमार और 9 वर्षीय अंकुल राज का नाम शामिल है।
कार में फंस गए सभी लोग
जानकारी के अनुसार रांची निवासी आईडीबीआई बैंक मैनेजर रोशन कुमार परिवार के साथ अपने पैतृक निवास स्थली बिहार के मोकामा जा रहे थे। इसी क्रम में अचानक सामने से आ रही हाइवा ट्रक और उनकी स्विफ्ट डिजायर की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी, कि चालक समेत परिवार के सभी लोग कार में फंस गए। लोगों ने बामुश्किल उन्हें मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
सूचना मिलने पर जिले के पुलिस कप्तान तमिल वानन भी आ पहुंचे। उन्होंने सभी घायलों को अस्पताल पहुँचाया। वहीँ उपायुक्त रमेश घोलप ने भी अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल लिया। लोगों को कहना है कि ईश्वर की कृपा से एक बड़ा हादसा टल गया।


