कोडरमा: राशि गबन मामला: प्रभारी प्राचार्य- अध्यक्ष पर एफआईआर

कोडरमा: सतगावां प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय मीरगंज की पारा शिक्षिका मालती कुमारी को अप्रैल 2007 से नवंबर 2014 तक का मानदेय भुगतान ना होने की शिकायत मुख्यमंत्री जनसंवाद में किये जाने के बाद फौरन उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। डीएसई द्वारा करायी गई जांच में प्रभारी प्राचार्या सुशीला सिन्हा सहित प्रखंड के तत्कालीन अध्यक्ष कैलाश प्रयाद यादव को पारा शिक्षिका को जबरन प्रताड़ित करने, विभाग को गुमराह करने और राशि गबन का मामला उजागर हुआ। इसके बाद इनदोनों पर सुसंगत धाराओं के तहत सतगांवा थाना में एफआईआर दर्ज कराया गया है।

डीसी के आदेश के आलोक में डीएसई, कोडरमा द्वारा प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, सतगावां से इस शिकायत का अनुसंधान कराया गया। जांच प्रतिवेदन के आधार पर पाया गया कि 2010 तक पारा शिक्षक के मानदेय की राशि ग्राम शिक्षा समिति के खाते में अंतरित की जाती थी व 2010 से 2018 तक का मानदेय का भुगतान प्रखंड संसाधन केंद्र के माध्यम से की जाती थी।

प्रभारी प्राचार्या द्वारा मालती कुमारी को जबरन परेशान करने के उद्देश्य से अप्रैल 2007 से लेकर 2010 तक का ग्राम शिक्षा समिति के खाते में पारा शिक्षक मानदेय की राशि उनके खाते में न देकर 95 हजार रुपये की निकासी कर गबन कर लिया गया। इसके बाद 2010 से 2014 तक अनुपस्थिति विवरणी प्रखंड संसाधन केंद्र सतगावां में नहीं भेजा गया। इस कारण पारा शिक्षिका मालती का वेतन भुगतान नहीं किया जा सका। इस रिर्पोट के आधार पर तत्काल जिला शिक्षा अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी प्राचार्य और तत्कालीन प्रखंड अध्यक्ष, उत्क्रमित मध्य विद्यालय, कन्या मीरगंज के खिलाफ सतगावां थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गई है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More