आजसू नेता अखिलेश का हत्यारा पुलिस गिरफ्त में

लातेहार: पुलिस ने लातेहार में आजसू के पूर्व जिलाध्यक्ष और नेक्सजेन कंपनी के मालिक अखिलेश श्रीवास्तव हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। इस बाबत जिला पुलिस ने मंगलवार को झासजमुमो के उग्रवादी राकेश सिंह को सदर थाना के मोंगर गांव से दबोचा था। इसके अलावे हत्याकांड में शामिल इसके साले श्रीकांत को भी पकड़ा है। पुछताछ में इन दोनों ने इस बात को स्वीकार लिया कि इन्होंने मनिका से जिला परिषद सदस्य महेश सिंह से पांच लाख रूपये की सुपारी लेकर अखिलेश की धारदार हथियार से गला रेतकर कर हत्या कर दी थी।
बता दें कि गत 23 अगस्त को को सदर थाना क्षेत्र के निंदिर गांव में आजसू नेता अखिलेश श्रीवास्त्व की हत्या कर शव को डेमू जाने के मार्ग में फेंक दिया गया था और हत्यारों ने घटनास्थल पर एक हस्तलिखित परचा छोड़ कर हत्या की जिम्मेवारी ली थी। लातेहार के पुलिस अधीक्षक प्रशांत आनंद ने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादी ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि मनिका जिला परिषद सदस्य महेश सिंह ने पांच लाख रूपये की सुपारी देकर अखिलेश की हत्या करायी थी। उन्होंने बताया कि राकेश की गिरफ्तारी के साथ ही कांड का खुलासा हो गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अखिलेश श्रीवास्तव ने मनिका के सिंजो ग्राम में महेश सिंह से जमीन से एकरारनामा अगरबत्ती फैक्ट्री खोलने के लिए किया था लेकिन उसका निबंधन नहीं हो सका था, इस बात को लेकर दोनो में विवाद हुआ था। इस बात को लेकर अखिलेश श्रीवास्तव ने एक मजबूत और राजनीतिक पहुंच वाले व्यक्ति को फैक्ट्री का संचालन देने का निर्णय लिया था। इस बात की भनक महेश सिंह को हो गई व झासजमुमो के उग्रवादी राकेश सिंह से मिल कर उसकी हत्या की योजना बनायी।
एसपी ने कहा कि 23 अगस्त को सफेद रंग की स्कार्पियो से अखिलेश को स्टेशन के रास्ते निंदिर गांव ले जाया गया। यहां राकेश के साथ सुनील चौधरी और उसका एक साला श्रीकांत भी साथ में था। तीनों ने मिल कर अखिलेश श्रीवास्तव का हाथ बांध दिया और एक तेज धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटनास्थल पर राकेश सिंह ने एक हस्तलिखित परचा छोड़ कर हत्या की जिम्मेवारी ली थी। पुलिस ने राकेश के पास से एक देशी कट्टा, एक गोली, दो डायरी, लेटर पैड, दो मोबाइल समेंत परचा बरामद किया है। उल्लेखनीय है कि पुलिस ने इस मामले में पूर्व में ही सुधीर चौधरी को पकड़ कर जेल भेज दिया था।




