Palamu News: बंगीय दुर्गाबाड़ी की 112 साल की यात्रा पर स्मारिका का लोकार्पण

बंगीय दुर्गाबाड़ी की ‘यात्रा 112 साल की’ स्मारिका का लोकार्पण करते ट्रस्ट बोर्ड एवं पूजा समिति के पदाधिकारी।

पलामू: बंगीय दुर्गाबाड़ी की दुर्गापूजा के 112वें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर गुरुवार को ‘यात्रा 112 साल की’ स्मारिका का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में बंगीय दुर्गाबाड़ी ट्रस्ट बोर्ड एवं पूजा समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।

दुर्गा पूजा आयोजन समिति के सचिव सह स्मारिका के संपादक शिवेश मोइत्रा ने बताया कि इस वर्ष बंगीय दुर्गाबाड़ी की पूजा 112वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए स्मारिका का प्रकाशन किया गया है। इसमें बंगाली समाज से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल हैं। उन्होंने स्मारिका के प्रकाशन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।

ट्रस्ट बोर्ड के अध्यक्ष प्रसेनजीत बोराल ने कहा कि इस बार दुर्गापूजा का 112वां वर्ष होगा, जबकि दुर्गाबाड़ी मंदिर के निर्माण के 100 वर्ष भी पूरे हो रहे हैं। यह बंगीय दुर्गाबाड़ी के लिए यादगार अवसर है, जिसे भव्य और सुंदर तरीके से मनाने की तैयारी की जा रही है।

ट्रस्ट बोर्ड के उपाध्यक्ष सह सांस्कृतिक कार्यक्रम संयोजक सुमित भट्टाचार्य ने बताया कि इस वर्ष सप्तमी पूजा दो दिनों की होगी। इसे ध्यान में रखते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी चार दिनों तक आयोजित किए जाएंगे। पहली सप्तमी की शाम धनबाद के कलाकारों द्वारा भगवती जागरण, दूसरी सप्तमी को नाटक, अष्टमी को कोलकाता के कलाकारों की प्रस्तुति और नवमी को स्थानीय कलाकारों का कार्यक्रम होगा। इसके अलावा बंगाली समाज के बच्चों के बीच विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

महिला समिति की सचिव मुनमुन चक्रवर्ती और अन्नपूर्णा बोराल ने कहा कि पूजा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

मौके पर देवेश मोइत्रा, पार्थ प्रतिम गुप्ता, आशीष दासगुप्ता, तुषार कांति बोराल, देवाशीष सेनगुप्ता, शिवनाथ चटर्जी, उज्जवल सेनगुप्ता, प्रसेनजीत दासगुप्ता, सुभाष विश्वास, अमर कुमार भांजा, बिपुल दत्ता, बासुदेव गोस्वामी सहित अन्य लोग मौजूद थे। धन्यवाद ज्ञापन ट्रस्ट बोर्ड के सचिव जयंत विश्वास ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन पूजा समिति के अध्यक्ष सैकत चट्टोपाध्याय ने किया।

लेखक के बारे में

By Samridh Media Desk

Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and…

Read More