Ranchi News: 12वीं पुण्यतिथि पर याद किए गए शिक्षाविद डॉ. बहादुर सिंह, संस्थान परिसर में लगेगी आदमकद प्रतिमा

सीआईटी में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शिक्षाविद के योगदान पर हुई चर्चा
रांची: सूबे के जाने-माने शिक्षाविद व कैंब्रिज ट्रस्ट ऑफ इंडिया के संस्थापक अध्यक्ष स्व. डॉ. बहादुर सिंह की 12वीं पुण्यतिथि के मौके पर कैंब्रिज ग्रुप के सभी संस्थानों में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
सीआईटी में सभा को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. एल. रंगनाथन ने कहा कि बहादुर बाबू जैसे विजनरी लोग बिरले ही जन्म लेते हैं। यह उनकी जिजीविषा का ही परिणाम है कि टाटीसिलवई क्षेत्र वर्तमान समय में शिक्षा के हब के रूप में उभरा है। अतिरिक्त परीक्षा नियंत्रक डॉ. रणबीर ने स्व. डॉ. सिंह को याद कर उनकी उपलब्धियों पर विस्तृत चर्चा की। कहा कि डॉ. बहादुर सिंह शिक्षाविद होने के साथ-साथ महान स्वप्नदृष्टा भी थे। अलग झारखंड राज्य होने के तुरंत बाद उन्होंने सूबे के पहले निजी अभियंत्रण कॉलेज की स्थापना कर एक कीर्तिमान स्थापित किया।
वहीं, डीन प्रो. अरशद उस्मानी ने कहा कि भले ही स्व. बहादुर बाबू फिजिकली हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके आदर्श और उनके बताए मार्ग पर चलकर उनके सपनों को साकार करना हमारा संकल्प है। कार्यक्रम को परीक्षा नियंत्रक विजयशंकर सिंह, सीएसई विभागाध्यक्ष प्रो. दीपक वर्मा आदि ने भी संबोधित किया।
बता दें कि एक अर्थशास्त्री व शिक्षाविद के रूप में डॉ. बहादुर सिंह तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल के साथ जकार्ता गए प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे। साथ ही, उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए एपवा द्वारा लाइफ टाइम अचीवर अवार्ड से भी नवाजा गया था।
सीआईटी में आयोजित कार्यक्रम में कैंब्रिज ट्रस्ट ऑफ इंडिया की संयुक्त सचिव डॉ. पल्लवी सिंह, उप प्राचार्य प्रो. रसिका नवनीत सिंह, डिप्टी रजिस्ट्रार मनीष नाथ, डॉ. शालिनी सिंह, डॉ. नवीन कुमार के अलावा सभी शिक्षक व शिक्षकेत्तर कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित थे। बता दें कि कैंब्रिज पॉलिटेक्निक, कैंब्रिज बीएड कॉलेज, कैंब्रिज स्कूल, गौतमबुद्धा इंटरनेशनल स्कूल में भी श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।
बताते चलें कि सभा के दौरान संस्थान परिसर में स्व. बहादुर सिंह की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।


