100 की रफ्तार से दौड़ेगी कोडरमा- बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन

डीआरएम ने किया निरीक्षण
कोडरमा: धनबाद रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा ने कोडरमा स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद कोडरमा स्टेशन पर यात्री सुविधा बढ़ाने हेतु प्रतीक्षालय को आरक्षण काउंटर के बगल में शिफ्ट करने की बात कही। मीडिया से बात करते हुए उन्होंनें कहा कि 22 नवंबर को पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के महाप्रबंधक के प्रस्तावित दौरे को लेकर धनबाद रेल मंडल में यात्री सुविधाओं को बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है।
डीआरएम ने कहा कि कोडरमा रेलवे देश के महत्वपूर्ण स्टेशनों में है। यहां से राज्य के विभिन्न जिलों के लिए आने वाले दिनों में नई ट्रेनों का परिचालन भी होना है। खासकर कोडरमा हजारीबाग टाउन के रास्ते बरकाकाना में चलने वाली पैसेंजर ट्रेन की गति सीमा एक सौ किलोमीटर की रफ्तार से नवंबर माह में की जानी है, इसके लिए गुरुवार को कटकमसांडी से कोडरमा तक डीआरएम स्पेशल सैलून 100-105 किलोमीटर की रफ्तार से चला कर लाई गई है। गति सीमा बढ़ने से यात्रियों को फायदा होगा, वहीं रेलवे के राजस्व में भी वृद्धि होगी।
श्री मिश्रा ने बताया कि बरकाकाना से रांची रेल लाइन भी जुड़ी हुई है और रांची से कोडरमा वाया हजारीबाग के रास्ते ट्रेन चलाई जाएगी। कोडरमा कोबार रेल खंड में भी सीआरएस ने गति सीमा बढ़ाने की अनुमति दे दी है व इस खंड पर भी ट्रेन का परिचालन एक सौ किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से होगी। वर्तमान में यह खंड मधुपुर से जुड़ चुका है और इसका लाभ कोडरमा के लोग भी उठा रहे हैं। डीआरएम ने यह भी कहा कि कोडरमा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ पोस्ट को और मजबूत किया जाएगा। सफाई के मामले में उन्होंने कोडरमा स्टेशन की सराहना की। इस मौके पर वरीय परिचालन प्रबंधक पंकज कुमार, वरीय मंडल इंजीनियर समन्वय बीके सिंह, एसीएम प्रवीण सिन्हा, सीटीआई अरविद कुमार, एसके बरनवाल, कोडरमा स्टेशन प्रबन्धक एम के सिंह, आरपीएफ प्रभारी संजय कुमार के अलावा कई अधिकारी उपस्थित थे।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More