दुर्गापूजा को लेकर डीजीपी से मिला युवा दस्ता
रांची : युवा दस्ता ने बुधवार को प्रदेश के डीजीपी कमल नयन चौबे व डीआईजी होमकर अमोल रेनुकांत व एसएसपी अनीश गुप्ता से मुलाकात कर दुर्गा पूजा में विधि व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है। दस्ते के आशुतोष द्विवेदी व बादल सिंह ने संयुक्त रूप से सभी पंडालो में सीसीटीवी, मेटल डिटेक्टर, डॉग स्क्वायड से निगरानी, महिला पुलिसकर्मी की व्यवस्था और ड्रोन से निगरानी कराये जाने की मांग की है। डीजीपी ने इनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
डीजीपी ने कहा कि उन्हें युवा दस्ता पर पूरा भरोसा है और वे हमेशा अपनी जवाबदेही बेहतर तरीके से निभाते आ रहे हैं। कहा कि इस बार 155 पंडालो में जिला प्रशासन के अधिकारी व जवान मौजूद रहेंगे। सभी नजदीकी थानों को इस बात की जानकारी दे दी जाएगी। दुर्गा पूजा में पुलिस पूर्णत: मुस्तैद रहेगी। युवा दस्ता ने डीजी से मांग की इस बार सभी पंडालो में पुलिस पदाधिकारियों का हेल्प लाइन नंबर लगने के साथ फायर बिग्रेड की व्यवस्था सुनिश्चित हो। वृद्ध व दिव्यांगों हेतु अलग से मां के दर्शन हेतु व्यवस्था की जाए। पॉकेटमार व असमाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। इस बाबत युवा दस्ता के सदस्य भी तत्पर व सजग रहेंगे।