आजसू की स्वाभिमान रैली कल

रांची: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती पर दो अक्तूबर को आजसू पार्टी राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में स्वराज स्वाभिमान जनादेश यात्रा निकालेगी। पार्टी द्वारा इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई है। पार्टी सुप्रीमों सुदेश महतो खुद इस यात्रा की कमान संभाल रहे हैं। इस दौरान पार्टी सांसद, विधायक, केंद्रीय पदाधिकारी सहित जिला अध्यक्ष, सचिव व सभी सहयोगी इकाई के नेता व कार्यकर्ता शिरकत करेंगे।
विगत वर्ष 2 अक्टूबर को सुदेश महतो ने स्वराज स्वाभिमान यात्रा की शुरुआत की थी। पार्टी का मानना है कि महात्मा गांधी की 150वीं जंयती राजनीतिक व सामाजिक तौर पर भागीदारी बढ़ाने तथा लोगों के बीच विश्वास और सहयोग का संबंध कायम करने का एक मुकम्मल मौका है। इसके अलावे सभी मिलकर इस दौरान झारखंड के नवनिर्माण का संकल्प दोहराएंगे। यात्रा के जरिए उन विषयों के मूल्यांकन भी किए जाएंगे, जिन्हें इस राज्य में मौके और वक्त के हिसाब से मोड़े जाते हैं या फिर छोड़े जाते हैं। कहा गया है कि झारखंड विधानसभा चुनाव का ऐलान कभी भी हो सकता है, ऐसे मे पार्टी स्वराज व स्वाभिमान के मूल मंत्र के साथ जनादेश हेतु आम लोगों के बीच जाएगी।
इस यात्रा में पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो तमाड़ तथा सिल्ली में, सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी रामगढ़ व मांडू में, मंत्री रामचंद्र सहिस जुगसलाई व ईचागढ़ में, विधायक राजकिशोर महतो टुंडी व डुमरी में, पूर्व मंत्री उमाकांत रजक चंदनकियारी में, पार्टी के महासचिव लंबोदर महतो गोमिया व बेरमों में, रौशनलाल चौधरी बड़कागांव में, केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी, नजरूल हसन हासमी व डॉ दीपक कुशवाहा हटिया में, केंद्रीय प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत खिजरी में, केंद्रीय महासचिव राजेंद्र मेहता कांके व मांडर में, सुबोध प्रसाद लोहरदगा सहित कई नेताओं को उनके स्थान तय किये गये हैं।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More