Palamu News: दामाद की हत्या के आरोप में 81 वर्षीय ससुर जगदेव भुइयाँ को पुलिस ने किया गिरफ्तार

पलामू: छतरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बभंडी में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस अधीक्षक, पलामू के निर्देशन और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, छतरपुर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के नामजद आरोपी 81 वर्षीय ससुर जगदेव भुइयाँ को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी (कुल्हाड़ी) भी बरामद कर ली है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 20 सितंबर 2026 को छतरपुर थाना क्षेत्र के बभंडी गांव में 40 वर्षीय गांधी भुइयाँ (पिता स्व० मुनारिक भुइयाँ) का शव धारदार हथियार से कटा हुआ मिला था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसे आरोपी की गिरफ्तारी और हथियार बरामदगी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

पारिवारिक विवाद और शराब की लत बनी वजह

पुलिस अनुसंधान और आरोपी से पूछताछ में यह बात सामने आई कि मृतक गांधी भुइयाँ अक्सर शराब के नशे में अपनी पत्नी निर्मला देवी और परिजनों के साथ मारपीट करता था। प्रताड़ना से तंग आकर निर्मला देवी पिछले 2-3 महीनों से अपने मायके में रह रही थी।

घटना वाले दिन गांधी भुइयाँ अत्यधिक शराब के नशे में अपने ससुर जगदेव भुइयाँ के घर पहुंचा और ससुर व अन्य परिजनों के सामने ही अपनी नतिनी (नाती) के साथ मारपीट तथा बदसलूकी करने लगा। इस घिनौनी हरकत और लगातार की प्रताड़ना से आक्रोशित होकर 81 वर्षीय ससुर जगदेव भुइयाँ ने टांगी से प्रहार कर अपने दामाद की मौके पर ही हत्या कर दी।

त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी

पुलिस टीम ने छापेमारी कर 22 सितंबर 2026 को अभियुक्त जगदेव भुइयाँ (पिता स्व० सोहर भुइयाँ, ग्राम भिखही, थाना छतरपुर) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर झाड़ियों से घटना में प्रयुक्त टांगी जब्त कर ली गई है। इस सफल उद्भेदन और छापेमारी दल में छतरपुर थाना प्रभारी सह अनुसंधानकर्ता पु०अ०नि० सौरभ चौबे, पु०अ०नि० धनंजय गोप एवं पुलिस बल के जवान शामिल थे।

लेखक के बारे में

By Samridh Media Desk

Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and…

Read More