अवैध शराब बनाने वाले नहीं बख्शे जायेंगे: आरएन प्रसाद

आसिफ
सरिया(गिरिडीह): थाना क्षेत्र के नावाडीह और चौधरीडीह गांव में शनिवार की दोपहर सरिया पुलिस द्वारा अवैध शराब की भट्ठी पर छापामारी की गई। मौके पर छापामारी दल द्वारा शराब चुलाई के कई भट्ठी को नष्ट किया गया जबकि 500 किलो गुड़ मिश्रित जावा महुआ भी नष्ट किया गया। वहीं एक सौ लीटर महुआ शराब को भी पुलिस द्वारा बर्बाद किया गया। इसके अलावे शराब में मिलाए जाने वाले नौसादर व कई उपकरणों को भी पुलिस ने जप्त किया।
सरिया अंचल पुलिस निरीक्षक आरएन चौधरी ने बताया कि छापामारी के दौरान अवैध शराब चुलाई के धंधे में लिप्त नावाडीह निवासी ढेबा साव को गिरफ्तार किया गया। जबकि अन्य लोग भागने में सफल रहे। वहीं चौधरीडीह में छापेमारी के दौरान महेंद्र साव व कई अन्य लोग भागने में सफल रहे। गिरफ्तार व्यक्ति ढेबा साव को जेल भेजने की तैयारी सहित अवैध शराब जुलाई के आरोपियों पर उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीकृत करने की तैयारी की जा रही थी। वहीं पुलिस द्वारा लगातार की जा रही छापेमारी से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप है बता दें कि होली को मद्देनजर रखते हुए सरिया पुलिस द्वारा शराब के गोरखधंधे में लिप्त लोगों के ऊपर नकेल कसने की पुरजोर तैयारी की गई है। जिसके तहत यह अभियान चलाया जा रहा है। छापामारी अभियान में सरिया थाना प्रभारी विकास पासवान सहित कई अन्य पुलिस के अधिकारी व जवान शामिल थे।


