बगोदर(गिरिडीह): बीते छह दिसंबर गुरुवार की शाम को आंध्रप्रदेश के विशाखापत्तनम के कृष्णा जिला चंदनपाडु मंडलम पोकुरवता में काम करने के दौरान टावर टूटकर गिरने पर तीन प्रवासी मजदूरो की मौत हो गयी। आधे दर्जन से अधिक मजदूर के घायल होने की सूचना है। मृतकों में बगोदर थाना क्षेत्र के दोन्दलो गाँव निवासी खीरो महतो तथा अड़वारा गाँव के पवन विश्वकर्मा और डुमरी थाना अंतर्गत खेचगड़ी गाँव निवासी कृष्णा टुडू शामिल है।
वहीं इस हादसे में विष्णुगढ़ थाना के चानो गांव निवासी और सगे भाई आकाश विश्वकर्मा, प्रदीप विश्वकर्मा तथा बगोदर थाना के देवराडीह पंचायत के रामडीह गाँव निवासी तुलसी महतो व अन्य इलाके से मजदूर घायल है। सभी घायलों का विशाखापत्तनम के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
आपको बता दें कि ट्रांसमिशन लाइन के लिए काम करने वाली कल्पतरु कंपनी के अधीन विशाखापत्तनम के कृष्णा जिला के चंदन पाडुंमंडलम में बिजली से सम्बन्धित काम किया जा रहा था। स्टील फ्रेम लगाने के दौरान टावर ही टूटकर धरासायी हो गया। जिससे टावर में सवार करीब छह लोग उसके चपेट में आ गए। वही तीन की मौत घटना स्थल पर ही हो गयी।
बीते तीन माह पहले ही दोनों मजदूर अपनी रोजी रोटी के लिए कल्पतरू कम्पनी के सवेदक के माध्यम से काम करने गए थे। जहां इन मजदूरों से टावर लाइन में बिजली संबंधीत काम लिया जाता था। काम के दौरान यह हादसा हुआ। वहीं घटना की सूचना दोनों मृतक के परिजनों को दे दिया गया है। घटना से पूरे परिवार के साथ गांव में भी मातम छाया हुआ है।
वहीं इस मामले में पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह ने कंपनी के प्रतिनिधि से बात कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।
समृद्ध झारखण्ड के लिए बगोदर से गौरव गुप्ता की रिपोर्ट…