Koderma News: कोडरमा घाटी में ट्रेलर की टक्कर से टोटो चालक की मौत, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

ट्रेलर की टक्कर से दुर्घटनाग्रस्त हुआ टोटो।
नौवां माइल के समीप हादसा, आक्रोशित ग्रामीणों ने रांची-पटना मुख्य मार्ग किया जाम; पुलिस ने समझाकर हटवाया जाम

कोडरमा: रांची-पटना मुख्य मार्ग पर कोडरमा घाटी स्थित नौवां माइल के समीप शनिवार को ट्रेलर की टक्कर से टोटो चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के रजौली थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदिया निवासी 32 वर्षीय मिथुन साव, पिता उमेश साव के रूप में हुई है। उनके दो छोटे बच्चे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, मिथुन साव अपने टोटो पर कुछ मजदूरों को बैठाकर हरदिया से कोडरमा घाटी के नौवां माइल के समीप छोड़ने आए थे। मजदूरों को उतारने के बाद वह टोटो लेकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनके टोटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि टोटो सड़क किनारे खाई में जा गिरा और मिथुन गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोग उन्हें बचाने के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद दिबौर के समीप स्थानीय लोगों ने ट्रेलर को रोककर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त टोटो को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी।

हादसे से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने मृतक का शव रांची-पटना मुख्य मार्ग पर रखकर सड़क जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। जाम की सूचना मिलने पर कोडरमा थाना प्रभारी अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More