मुंडहरी में कांग्रेस की विधानसभा स्तरीय बैठक, SIR और संगठन सृजन अभियान पर हुई चर्चा

गिरिडीह: बेंगाबाद प्रखंड के चपुआडीह पंचायत अंतर्गत मुंडहरी गांव में शनिवार को कांग्रेस पार्टी की ओर से विधानसभा स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसआईआर (SIR), संगठन सृजन अभियान और प्रत्येक पंचायत में संचालित चौपाल कार्यक्रम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सह कोडरमा लोकसभा प्रभारी मणिशंकर उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ता पिछले कई महीनों से बूथ स्तर पर सक्रिय हैं। कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर संपर्क स्थापित कर रहे हैं और मतदाता सूची से जुड़े कार्यों को गंभीरता से कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संकल्पित है।
वहीं, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश केडिया ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में बने रहने के लिए भारतीय जनता पार्टी तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा संविधान की मूल भावना को कमजोर करने और संवैधानिक संस्थाओं को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस इन मुद्दों के खिलाफ लगातार संघर्ष कर रही है।
सतीश केडिया ने कहा कि जिस तरह कांग्रेस ने देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी थी, उसी मजबूती के साथ आज भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि संविधान के अनुसार देश का संचालन, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना और आम जनता के अधिकारों की रक्षा करना है।
बैठक में बेंगाबाद प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोतीलाल शास्त्री, गिरिडीह सदर प्रखंड अध्यक्ष निजामुद्दीन अंसारी, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष मोहम्मद शमीम, जिला सचिव पप्पू पांडे, उमेश तिवारी, वीरेंद्र सिंह, कायमुल अंसारी, कासिम अंसारी, मोहम्मद बिनसर, अशोक यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



