साहिबगंज के लाल चंदन कुमार बने युवा आइकॉन, जिले में खुशी की लहर

साहिबगंज: संविधान दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर साहिबगंज को बड़ी सौगात मिली है। विकसित भारत युवा संवाद- संविधान दिवस कार्यक्रम के तहत साहिबगंज के युवा चंदन कुमार को युवा आइकॉन के रूप में नामित किया गया है। यह नामांकन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में किया गया है। चंदन कुमार के नामांकन की खबर मिलते ही पूरे जिले में हर्ष का माहौल है। युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
यह सम्मान, जिम्मेदारी भी है : चंदन कुमार
इस उपलब्धि पर चंदन कुमार ने कहा कि युवा आइकॉन के रूप में नामित होना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। यह सम्मान उन्हें समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमें भारतीय संविधान के मूल्यों, अधिकारों, कर्तव्यों, समानता, न्याय और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूक रहने का संदेश देता है। देश के युवाओं को संविधान के आदर्शों को आत्मसात करते हुए विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।
साहिबगंज महाविद्यालय में होगा मुख्य कार्यक्रम
इस पहल का आयोजन साहिबगंज महाविद्यालय में किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को प्रेरित करना, उनकी नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करना तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। चंदन कुमार ने इस सम्मान के लिए युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा मेरा युवा भारत साहिबगंज के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। जिले के युवाओं का कहना है कि चंदन कुमार का युवा आइकॉन बनना साहिबगंज के हर युवा के लिए प्रेरणा है।



