रांची में जिले के स्टॉल पर उमड़ी भीड़, आयरन क्लस्टर के औजारों और लुगुबुरु की विरासत ने खींचा ध्यान

रांची प्रदर्शनी में बोकारो जिले के स्टॉल पर उमड़ी आगंतुकों की भीड़।
झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा की प्रदर्शनी में स्थानीय उत्पादों की हो रही खरीदारी, बोकारो की औद्योगिक और सांस्कृतिक पहचान से रूबरू हो रहे लोग।

रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत रांची के खेलगांव स्थित हॉल-बी में आयोजित प्रदर्शनी में बोकारो जिले का स्टॉल आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां बड़ी संख्या में पहुंच रहे लोग जिले के स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक कारीगरी और उद्यमिता से जुड़ी सामग्रियों में खास रुचि दिखा रहे हैं।

स्टॉल पर आयरन क्लस्टर के वेंडर्स द्वारा निर्मित विभिन्न प्रकार के औजारों और कृषि कार्यों में उपयोगी उपकरणों को प्रदर्शित किया गया है। आगंतुक इन उपकरणों की गुणवत्ता, उपयोग और विशेषताओं की जानकारी ले रहे हैं। कई लोग उत्पादों की खरीदारी भी कर रहे हैं।

वहीं, स्टॉल में लगी एलईडी स्क्रीन पर ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन डेस्टिनेशन’ के तहत बोकारो के राजकीय महोत्सव लुगुबुरु से संबंधित वीडियो फिल्म दिखाई जा रही है। इसके माध्यम से आगंतुकों को लुगुबुरु की ऐतिहासिकता, समृद्ध परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक महत्ता से परिचित कराया जा रहा है।

प्रदर्शनी के जरिए बोकारो के स्थानीय उत्पादों और उद्यमियों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के साथ जिले की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधी पहचान को राज्य स्तर पर प्रचारित किया जा रहा है।

कार्यक्रम के सफल संचालन और स्टॉल के समन्वय में उपनिदेशक पीआरडी रवि कुमार, जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बून और डीपीएम, जेएसएलपीएस अनिल डुंगडुंग की अहम भूमिका रही। इस दौरान महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी) के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

By Samridh Desk

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More