रूस में हिरासत के बाद झारखंड के मनीष साहू की सुरक्षित वतन वापसी, जमशेदपुर पहुंचे

27 नवंबर को अपने गृह नगर जमशेदपुर पहुंचे मनीष साहू।
रूस के येकातेरिनबर्ग में हिरासत में रखे गए थे 29 वर्षीय मनीष साहू, राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष और भारतीय महावाणिज्य दूतावास के समन्वय से हुई वापसी

जमशेदपुर: रूस के येकातेरिनबर्ग में हिरासत में रखे गए झारखंड के युवक मनीष साहू की सुरक्षित भारत वापसी हो गई है। 29 वर्षीय मनीष साहू 26 नवंबर 2026 को दिल्ली पहुंचे और 27 नवंबर को ट्रेन से अपने गृह नगर जमशेदपुर, पूर्वी सिंहभूम पहुंच गए। राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष, झारखंड ने उनकी सुरक्षित वापसी की पुष्टि की है।

जानकारी के अनुसार, मनीष साहू 6 अक्टूबर 2026 को पर्यटक के रूप में रूस गए थे और येकातेरिनबर्ग में रह रहे थे। 27 अक्टूबर के बाद परिवार से उनका संपर्क टूट गया। इसके बाद उनकी माता नीलम साहू ने राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष में शिकायत दर्ज कराई। मनीष ने विभाग को बताया था कि स्थानीय पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया है। उन्होंने कथित दुर्व्यवहार, झूठे आरोप और दबाव बनाए जाने की बात भी कही थी। हालांकि, विभाग ने स्पष्ट किया कि ये आरोप मनीष द्वारा दी गई जानकारी पर आधारित थे और इनका स्वतंत्र रूप से सत्यापन नहीं हुआ था।

भारतीय दूतावास से मांगी गई थी मदद

मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने 29 अक्टूबर को प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स, रांची, भारतीय दूतावास, मॉस्को और संबंधित अधिकारियों को ई-मेल भेजकर तत्काल कांसुलर एवं कानूनी सहायता का अनुरोध किया। 2 नवंबर को भारतीय दूतावास, मॉस्को ने बताया कि मामला भारतीय महावाणिज्य दूतावास, येकातेरिनबर्ग के क्षेत्राधिकार में आता है। इसके बाद अनुरोध वहां भेज दिया गया।

3 नवंबर को भारतीय महावाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने येकातेरिनबर्ग स्थित विदेशी नागरिकों के अस्थायी निरोध केंद्र में मनीष साहू से मुलाकात की और उन्हें कांसुलर सहायता उपलब्ध कराई। अधिकारियों के अनुसार, उस समय उनका स्वास्थ्य सामान्य और संतोषजनक पाया गया। मनीष ने भी इसकी पुष्टि की।

4,000 रूबल जुर्माना और निष्कासन का आदेश

निरोध केंद्र के प्रमुख द्वारा जारी आदेश में मनीष को प्रशासनिक अपराध का दोषी मानते हुए 4,000 रूबल का जुर्माना लगाया गया था। साथ ही, रूसी संघ से अनिवार्य निष्कासन का आदेश दिया गया। 9 नवंबर को न्यायिक बेलीफ ने मामले की समीक्षा की और 25 नवंबर को ताशकंद के रास्ते रूस छोड़ने की अनुमति दी। इसके बाद मनीष ने ताशकंद से दिल्ली के लिए हवाई टिकट बुक कराया।

भारतीय महावाणिज्य दूतावास के समन्वय से मनीष 25 नवंबर को ताशकंद के रास्ते रूस से रवाना हुए। 26 नवंबर को दिल्ली पहुंचने के बाद 27 नवंबर को जमशेदपुर लौट आए। उनके रूस से प्रस्थान से लेकर भारत पहुंचने तक भारतीय मिशन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा गया।

विदेश जाने वालों से सतर्कता बरतने की अपील

राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने मनीष साहू की सुरक्षित वापसी में सहयोग के लिए भारतीय महावाणिज्य दूतावास, येकातेरिनबर्ग और संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार जताया। विभाग ने कहा कि विदेश में फंसे झारखंड के नागरिकों की सुरक्षा और उन्हें समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है।

विभाग ने रूस जाने वाले श्रमिकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे वैध वीजा, रोजगार अनुबंध और भर्ती एजेंसियों का सत्यापन अवश्य करें। साथ ही पासपोर्ट जब्ती, अवैध भर्ती और वीजा नियमों के उल्लंघन जैसी स्थितियों से बचें तथा आवश्यकता पड़ने पर भारतीय दूतावास या महावाणिज्य दूतावास से संपर्क बनाए रखें।

लेखक के बारे में

By Samridh Desk

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More