अभिषेक सहाय
गिरिडीह: तेल के खेल का भंडाफोड़ होने से बेंगाबाद क्षेत्र में बुधवार को हड़कंप मच गया और खिलाड़ी इधर- उधर भागने में सफल रहे। असल में लंबे समय से प्रशासन को बेंगाबाद क्षेत्र में पेट्रोलियम टैंकर से तेल गायब होने की सूचना मिल रही थी। इस बार गुप्त सूचना के आधार एसडीएम
गिरीडीह राजेश प्रजापति और एसडीपीओ जितवाहन उरांव के संयुक्त अगुवाई में देवघर की सीमाई क्षेत्र में डाकबंगला के समीप संचालित मामा लाइन होटल में छापेमारी की गई।
साथ में बेंगाबाद बीडीओ कुमार अभिषेक और थाना प्रभारी फैज रब्बानी अपने सदल बल के साथ मौजूद थे। छापेमारी में 13 ड्राम डीजल, पेट्रोल और किरासन तेल समेत 100 खाली ड्राम जप्त किया गया। बता दें कि वर्षों से इस क्षेत्र में डीजल- किरासन तेल की कटिंग का कारोबार खूब फल फूल रहा था।
इसी सूचना के आलोक में यह कार्यवाई की गई। इस दौरान मौका देख धंधेबाज भागने में सफल रहे। वहीं होटल में काम करने वाले चार मजदूरों को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
फिलहाल होटल संचालक रणधीर यादव पर मामला दर्ज कर पुलिस आगे की कार्यवाई में जुट गई है। अचानक हुई इस ताबड़तोड़ कार्यवाई से इलाके में हड़कंप है। इस कार्यवाई से धंधेबाज़ों के होश फाख्ता हैं।