पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना की पहल, पहली बार हुई 6,300 लीटर अपशिष्ट तेल की नीलामी

हजारीबाग। एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड (एनएमएल) की पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना ने पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन की दिशा में नई पहल की है। परियोजना के तहत पहली बार करीब 6,300 लीटर अपशिष्ट तेल (वेस्ट ऑयल) की सफल नीलामी की गई है। इस पहल को प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण के अनुकूल खनन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक अहम उपलब्धि माना जा रहा है।
इस मौके पर आयोजित फ्लैग ऑफ समारोह में महाप्रबंधक (इंफ्रा) पवन कुमार रावत के साथ परियोजना के वरिष्ठ अधिकारी और प्रबंधन के प्रतिनिधि मौजूद रहे। समारोह के दौरान नीलाम किए गए अपशिष्ट तेल को औपचारिक रूप से रवाना किया गया।
परियोजना प्रबंधन के मुताबिक, इस पहल का मुख्य उद्देश्य खनन कार्यों से निकलने वाले अपशिष्ट पदार्थों का वैज्ञानिक और व्यवस्थित तरीके से प्रबंधन करना है। सुनियोजित नीलामी प्रक्रिया के जरिए अपशिष्ट तेल के सुरक्षित निस्तारण और पुनर्चक्रण को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे अपशिष्ट पदार्थों के गलत तरीके से निस्तारण के कारण पर्यावरण को होने वाले संभावित नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी।
यह पहल रिड्यूस, रीयूज और रीसायकल यानी कम उपयोग, पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण के सिद्धांतों को व्यावहारिक रूप देने का उदाहरण है। इसके जरिए बेकार समझे जाने वाले संसाधनों को फिर से उपयोगी बनाने का प्रयास किया गया है।
एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड का यह कदम पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल और सतत खनन के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसके साथ ही यह पहल कंपनी के नेट जीरो लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

