रोमांचक सेमीफाइनल में बाबा वैद्यनाथ इलेवन देवघर ने हजारीबाग ग्रीन सिटी को 2 रन से हराया

मणिकांत मिश्रा की 78 रन की आतिशी पारी भी नहीं दिला सकी जीत, सुनील बने मैन ऑफ द मैच
हजारीबाग: मेयर लीग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे दिन सोमवार को हजारीबाग के संजय सिंह स्टेडियम में पहला सेमीफाइनल मुकाबला बाबा वैद्यनाथ इलेवन देवघर और हजारीबाग ग्रीन सिटी के बीच खेला गया। बेहद रोमांचक और उतार-चढ़ाव से भरे मुकाबले में बाबा वैद्यनाथ इलेवन देवघर ने हजारीबाग ग्रीन सिटी को महज 2 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए बाबा वैद्यनाथ इलेवन देवघर की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 191 रन बनाए। देवघर की ओर से सुनील ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 53 गेंदों में 88 रन की बेहतरीन पारी खेली और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
192 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हजारीबाग ग्रीन सिटी की टीम ने भी दमदार खेल का प्रदर्शन किया। टीम निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 189 रन ही बना सकी और लक्ष्य से महज 2 रन पीछे रह गई। हजारीबाग की ओर से मणिकांत मिश्रा ने 32 गेंदों में 78 रन की तूफानी पारी खेलकर मैदान में मौजूद दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। वहीं, अमन कुमार ने 27 गेंदों में 47 रन बनाकर मणिकांत का शानदार साथ निभाया।
मुकाबले के दौरान एक समय हजारीबाग ग्रीन सिटी की जीत लगभग तय नजर आ रही थी, लेकिन अंतिम ओवरों में बाबा वैद्यनाथ इलेवन देवघर के खिलाड़ियों ने शानदार वापसी करते हुए रनों पर अंकुश लगाया और बेहद रोमांचक मुकाबले में 2 रन से जीत हासिल कर ली।
देवघर के महापौर रवि कुमार रावत ने टीम की जीत पर खुशी जाहिर करते हुए सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दोनों टीमों के खेल प्रदर्शन की सराहना की। मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल, संघर्ष और खेल भावना का परिचय दिया।
बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सुनील को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। सेमीफाइनल मुकाबले में अंपायर की भूमिका प्रभात कुमार और प्रवीण ने निभाई, जबकि उद्घोषक के रूप में चंदन सिंह तथा स्कोरर के रूप में अनिकेतन ने योगदान दिया।
रांची इलेवन ने हजारीबाग एचडीसीए को 74 रन से हराया
पहले सेमीफाइनल मुकाबले से पूर्व रांची इलेवन और हजारीबाग एचडीसीए के बीच टूर्नामेंट का अंतिम लीग मुकाबला खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रांची इलेवन की टीम ने 200 रन बनाए और हजारीबाग एचडीसीए के सामने 201 रन का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हजारीबाग एचडीसीए की टीम 126 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह रांची इलेवन ने 74 रन से जीत दर्ज की।
रांची इलेवन की ओर से युवराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 21 गेंदों में 50 रन बनाए और साथ ही तीन महत्वपूर्ण विकेट भी हासिल किए। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
इस मुकाबले में अंपायर की भूमिका कुणाल और खुर्शीद आलम ने निभाई, जबकि उद्घोषक के रूप में चंदन सिंह एवं शरीफुल्लाह गुड्डू ने योगदान दिया। स्कोरर के रूप में अनिकेतन ने सहयोग किया। हजारीबाग के उपायुक्त ने भी मैदान पर खेल का शानदार प्रदर्शन किया।


