Dev Deepawali 2026: देव दीपावली पर काशी घूमने का बना रहे हैं प्लान? जानें कौन-से घाट हैं सबसे खास

Dev Deepawali 2026: भगवान शिव की नगरी काशी में आज, 24 नवंबर को देव दीपावली का भव्य उत्सव मनाया जाएगा। कार्तिक पूर्णिमा के इस खास अवसर पर गंगा के घाट दीपों की सुनहरी रोशनी से जगमगा उठेंगे। प्राचीन मंदिरों की खूबसूरती, गंगा आरती, मंत्रोच्चार और नदी के जल में झिलमिलाते दीप इस उत्सव को यादगार बनाएंगे।
इस वर्ष वाराणसी में 11 लाख दीप जलाने की तैयारी है। इसके अलावा लेजर शो, ड्रोन शो और विशेष आतिशबाजी भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी
अगर आप भी देव दीपावली के अवसर पर काशी पहुंच रहे हैं, तो कुछ खास घाटों को अपनी यात्रा में जरूर शामिल कर सकते हैं।
दशाश्वमेध घाट (Dashashwamedh Ghat)
वाराणसी के सबसे प्रसिद्ध घाटों में शामिल दशाश्वमेध घाट देव दीपावली के दौरान आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहता है। यहां होने वाली गंगा आरती देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं।
देव दीपावली की शाम यहां विशेष महाआरती का आयोजन किया जाएगा। जलते दीपों, शंखनाद और वैदिक मंत्रों के बीच गंगा तट का नजारा बेहद मनमोहक होता है। इस वर्ष घाट के सामने ड्रोन शो की भी तैयारी है।
अस्सी घाट (Assi Ghat)
अस्सी घाट वाराणसी के लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में शामिल है। यह घाट अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ ‘सुबह-ए-बनारस’ कार्यक्रम के लिए भी प्रसिद्ध है।
देव दीपावली पर यहां दीपों से सजे गंगा तट का खूबसूरत नजारा देखने को मिलेगा। इस बार अस्सी घाट के पास भी ड्रोन शो आयोजित करने की योजना है।
चेत सिंह घाट (Chet Singh Ghat)
अगर आप देव दीपावली के दौरान दीपोत्सव के साथ आधुनिक तकनीक का खूबसूरत संगम देखना चाहते हैं, तो चेत सिंह घाट खास हो सकता है।
इस वर्ष यहां प्रोजेक्शन और लेजर शो आयोजित करने की तैयारी है। घाट की ऐतिहासिक इमारतों पर रंगीन रोशनी और गंगा में उसका प्रतिबिंब पर्यटकों के लिए आकर्षक अनुभव हो सकता है।
राजघाट (Raj Ghat)
राजघाट काशी के प्रमुख घाटों में शामिल है। यहां से गंगा के विस्तृत तट और प्राचीन शहर की खूबसूरती को निहारा जा सकता है।
देव दीपावली से पहले आयोजित गंगा महोत्सव के प्रमुख कार्यक्रमों के लिए भी राजघाट को चुना गया था। दीपोत्सव के दौरान यहां से गंगा की रोशनी और काशी की ऐतिहासिक विरासत का आनंद लिया जा सकता है।
पंचगंगा घाट (Panchganga Ghat)
काशी के प्राचीन और धार्मिक महत्व वाले घाटों में पंचगंगा घाट का विशेष स्थान है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस स्थान का संबंध पांच पवित्र नदियों के संगम से है।
यहां की प्राचीन वास्तुकला, धार्मिक वातावरण और दीपदान की परंपरा देव दीपावली के अनुभव को खास बनाती है।
ललिता घाट (Lalita Ghat)
काशी विश्वनाथ धाम के आसपास स्थित ललिता घाट भी श्रद्धालुओं के लिए खास है। भगवान शिव के दर्शन के साथ गंगा तट पर दीपोत्सव देखने की योजना बना रहे पर्यटक इस क्षेत्र को अपनी यात्रा में शामिल कर सकते हैं।
काशी विश्वनाथ धाम के सामने गंगा पार विशेष ग्रीन आतिशबाजी का आयोजन भी प्रस्तावित है।
नाव से देख सकते हैं देव दीपावली का खूबसूरत नजारा
गंगा में नाव की सवारी करते हुए दीपों से सजे घाटों को देखना देव दीपावली के सबसे यादगार अनुभवों में से एक हो सकता है। नदी के जल में पड़ती दीपों की रोशनी और घाटों की ऐतिहासिक इमारतें काशी की खूबसूरती को और बढ़ा देती हैं।
हालांकि, त्योहार के दौरान नाव की सवारी करने से पहले प्रशासन की अनुमति, सुरक्षा नियमों और स्थानीय व्यवस्थाओं की जानकारी जरूर लें। लाइफ जैकेट पहनना न भूलें।


