गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं से गूंजा ग्रिजली विद्यालय का सभागार, श्रद्धा और भक्ति के साथ मनी जयंती

ग्रिजली विद्यालय में गुरु नानक देव जी की जयंती पर आयोजित समारोह का दृश्य।

नगर कीर्तन, शबद गायन और प्रेरक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों को दिया समानता, सेवा, करुणा एवं भाईचारे का संदेश

कोडरमा: तिलैया डैम स्थित ग्रिजली विद्यालय के सभागार में वेलनेस क्लब के तत्वावधान में गुरु नानक देव जी की जयंती श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में अनेक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को गुरु नानक देव जी के जीवन एवं शिक्षाओं से परिचित कराते हुए उनमें समानता, करुणा, विनम्रता, सत्यनिष्ठा और निःस्वार्थ सेवा जैसे मानवीय मूल्यों का विकास करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ भावपूर्ण नगर कीर्तन से हुआ, जिसमें रेहा छाबड़ा, आयशा सलूजा, सिमरनजीत सिंह, अर्श कलरा, तन्वी, समर यादव, रुद्र ठाकुर, कोमल, राजलक्ष्मी, सृष्टि, आरुषि एवं स्वाति ने सहभागिता की। तन्वी ने स्वागत भाषण प्रस्तुत कर कार्यक्रम की रूपरेखा एवं गुरु नानक जयंती के महत्व पर प्रकाश डाला। आर्यन विश्वकर्मा ने पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से गुरु नानक देव जी के जीवन और उनकी शिक्षाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इसके पश्चात ‘सच्चा सौदा’ विषय पर एक प्रेरणादायक वीडियो दिखाया गया, जिसने विद्यार्थियों को मानव सेवा, दया और उदारता का संदेश दिया।

रेहा छाबड़ा, आयशा सलूजा, सिमरनजीत सिंह एवं अर्श कलरा ने कविता पाठ के माध्यम से गुरु नानक देव जी के आदर्शों को अभिव्यक्त किया। इसके बाद रेहा छाबड़ा, आयशा सलूजा, सिमरनजीत सिंह, अर्श कलरा, तन्वी, समर यादव, रुद्र ठाकुर, कोमल एवं स्वाति ने शबद कीर्तन प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भाई जी ने रेहा छाबड़ा, आयशा सलूजा, सिमरनजीत सिंह एवं अर्श कलरा के साथ आनंद साहिब का पाठ किया। इसके पश्चात भाई जी द्वारा अरदास संपन्न कराई गई।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ‘संकल्प वृक्ष’ गतिविधि रही। इसके माध्यम से रेहा छाबड़ा, आयशा सलूजा, सिमरनजीत सिंह एवं अर्श कलरा ने विद्यार्थियों को दयालुता, ईमानदारी, करुणा तथा जरूरतमंदों की सहायता करने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में रेहा छाबड़ा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। संपूर्ण आयोजन आर. डी. पांडे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं ग्रिजली टीम के सदस्यों के बीच प्रसाद वितरित किया गया, जो प्रेम, सेवा और आपसी भाईचारे का प्रतीक बना।

इस अवसर पर विद्यालय के सीईओ प्रकाश गुप्ता ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं हमें सत्य, समानता और निःस्वार्थ सेवा का मार्ग दिखाती हैं। विद्यार्थियों को इन आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।

प्राचार्या अंजना कुमारी ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से प्रेम, विनम्रता एवं मानवता की सेवा का संदेश दिया। विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में सद्भाव और परोपकार की भावना विकसित करनी चाहिए।

कार्यक्रम का समापन श्रद्धा, कृतज्ञता एवं सद्भाव के वातावरण में हुआ। आयोजन ने विद्यार्थियों को यह प्रेरणादायक संदेश दिया कि गुरु नानक देव जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि उनकी शिक्षाओं को अपने विचारों, वाणी और कर्मों में अपनाने में ही निहित है।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More