झारखंड स्थापना दिवस पखवारा के तहत बालिका सम्मेलन, बाल विवाह मुक्त राज्य बनाने का संकल्प

दुमका में बालिका सम्मेलन के दौरान जागरूकता कार्यक्रम

दुमका: महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के अंतर्गत बाल विकास परियोजना, दुमका सदर प्रखंड के तत्वावधान में झारखंड स्थापना दिवस पखवारा के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कोरैया में बालिका सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान बाल विवाह मुक्त झारखंड बनाने का संकल्प लिया गया।

जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अंजू कुमारी एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी पूनम टोप्पो के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य ‘बेटी का सम्मान, भविष्य का निर्माण’ की संकल्पना को साकार करना और बालिकाओं के जन्म पर जन्मोत्सव मनाने का संदेश देना था। साथ ही, झारखंड को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए सामूहिक संकल्प लिया गया।

प्रखंड समन्वयक सुजाता कर्ण एवं यूनिसेफ की ज्योत्स्ना हेम्ब्रम के संयोजन में यह कार्यक्रम दो अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किया गया। सबसे पहले आंगनबाड़ी केंद्र, हेठ कोरैया में बालिका के जन्म पर केक काटकर जन्मोत्सव मनाया गया। गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को संदेश दिया गया कि सिर्फ बेटे के जन्म पर ही नहीं, बल्कि बेटी के जन्म पर भी उत्सव मनाएं, क्योंकि बेटी का सम्मान ही भविष्य का निर्माण है।

इसके बाद कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कोरैया में बालिका सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, लैंगिक समानता, सशक्तीकरण और बाल विवाह की रोकथाम को लेकर चर्चा-परिचर्चा की गई।

इस अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। बालिकाओं ने सामूहिक रूप से स्मृति वृक्ष के रूप में पौधे लगाए।

कार्यक्रम के अंत में यूनिसेफ की ज्योत्स्ना हेम्ब्रम ने बालिकाओं को अपने सम्मान और सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा दहेज प्रथा एवं बाल विवाह जैसी कुरीतियों को रोकने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का सामूहिक संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सेविका क्रिस्टीना मुर्मू, सहायिका एलिजाबेथ हेम्ब्रम, पोषण सखी निराला बेसरा एवं कस्तूरबा विद्यालय की शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में बालिकाओं ने भाग लिया।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More