भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड पवेलियन के उत्पादों की बढ़ी मांग

IITF-2026 में झारक्राफ्ट के सिल्क उत्पाद
झारक्राफ्ट के पारंपरिक सिल्क कलेक्शन ने बटोरी सुर्खियां, आम ग्राहकों की बढ़ती संख्या से बिक्री को मिला प्रोत्साहन

नई दिल्ली/रांची। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड पवेलियन के झारक्राफ्ट और झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के स्टॉल राज्य के पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा और स्वदेशी उत्पादों की विविधता को लेकर चर्चा में हैं। दोनों स्टॉल पर खरीदारी के लिए पहुंच रहे आगंतुकों को झारखंड की पारंपरिक कला, बुनकरी और स्थानीय उत्पादों की विस्तृत रेंज आकर्षित कर रही है।

खादी उत्पाद लोगों को कर रहे आकर्षित

झारक्राफ्ट के स्टॉल पर तसर और मलबेरी सिल्क की साड़ियों के साथ आकर्षक दुपट्टे एवं अन्य वस्त्र उत्पादों की विशेष मांग देखने को मिल रही है। वहीं, झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड अपने खादी उत्पादों के विविध संग्रह के साथ आगंतुकों का ध्यान खींच रहा है। स्टॉल पर खादी से निर्मित जैकेट, शॉल, साड़ियां, पैंट और दुपट्टे उपलब्ध हैं। इसके अलावा, बोर्ड के शैंपू, फेसवॉश, हर्बल हेयर ऑयल और बॉडी लोशन जैसे व्यक्तिगत देखभाल से जुड़े उत्पाद भी लोगों की रुचि बढ़ा रहे हैं।

झारखंड पवेलियन में साड़ियों की पूरी रेंज

झारक्राफ्ट के स्टॉल पर उपलब्ध तसर, मलबेरी और बनारसी सिल्क की साड़ियों की कीमत 2,000 रुपये से 20,000 रुपये तक है। पारंपरिक बुनाई और आकर्षक डिजाइन वाली इन साड़ियों के साथ कॉटन बेडशीट, दुपट्टे और विभिन्न प्रकार के कपड़े भी ग्राहकों की पसंद बन रहे हैं। स्टॉल पर वस्त्र उत्पादों की विविधता और सिल्क की गुणवत्ता आगंतुकों को खरीदारी के लिए आकर्षित कर रही है।

झारक्राफ्ट के उत्पादों की मांग और बिक्री में हो रहा इजाफा

स्टॉल संचालक जायल ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार बी2बी कारोबार के दौरान बिक्री अपेक्षाकृत धीमी रही। हालांकि, आम जनता के लिए मेला खुलने के बाद स्टॉल पर आगंतुकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिसका सकारात्मक असर बिक्री पर भी देखने को मिल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मेले के आगामी दिनों में ग्राहकों की बढ़ती आवाजाही के साथ झारक्राफ्ट के उत्पादों की मांग और बिक्री में और इजाफा होगा।

IITF के जरिए झारखंड के उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर

गौरतलब है कि झारक्राफ्ट झारखंड के पारंपरिक हथकरघा, रेशम उत्पादन और हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करने के साथ स्थानीय कारीगरों एवं बुनकरों को बाजार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। IITF-2026 के जरिए इन उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने और नए ग्राहकों तक पहुंच बनाने का अवसर मिल रहा है। इससे झारखंड की पारंपरिक कला, कौशल और स्थानीय उद्यमिता को व्यापक पहचान मिल रही है।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More