27 नवंबर को रामगढ़ आएंगे सीएम हेमंत सोरेन, कार्यक्रम स्थल का डीसी-एसपी ने किया निरीक्षण

सीएम के दौरे से पहले कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते डीसी-एसपी
गोला के लुकैयाटांड में प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियां तेज

सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

रामगढ़: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 27 नवंबर को रामगढ़ जिले के दौरे पर आएंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने गोला प्रखंड की बरलंगा पंचायत अंतर्गत लुकैयाटांड स्थित प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम में संभावित भीड़, आम लोगों और अतिथियों के आवागमन, वाहनों के परिचालन तथा पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा की। उपायुक्त ऋतुराज ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय, बिजली और आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

वहीं, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान पूरी सतर्कता और मुस्तैदी बनाए रखने को कहा।

जिला प्रशासन मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, गोपनीय शाखा के प्रभारी पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More