Lohardga News: प्रथम सिक्किम ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर-2026 में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे कौशल मित्तल

कौशल मित्तल (फाइल फोटो)
पर्यटन के क्षेत्र में सिक्किम और झारखंड के बीच संबंध मजबूत होने की उम्मीद, न्यू मित्तल ट्रैवल्स को मिला आमंत्रण

लोहरदगा : जिले के लिए गौरव और सम्मान की बात है कि यहां की पर्यटन एवं ट्रैवल संस्था न्यू मित्तल ट्रैवल्स को प्रथम सिक्किम ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर-2026 में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। 21 एवं 22 नवंबर को आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित पर्यटन मेले में न्यू मित्तल ट्रैवल्स के डायरेक्टर कौशल मित्तल लोहरदगा और झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इस आयोजन में सिक्किम के मुख्यमंत्री, पर्यटन मंत्री, पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के सलाहकार, पश्चिम बंगाल के पर्यटन मंत्री सहित कई विशिष्ट अतिथियों और पर्यटन जगत से जुड़े प्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी। ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर लोहरदगा की संस्था को आमंत्रित किया जाना जिले के लिए विशेष उपलब्धि मानी जा रही है।

न्यू मित्तल ट्रैवल्स के डायरेक्टर कौशल मित्तल ने इस आमंत्रण के लिए सिक्किम सरकार, पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग तथा आयोजक मंडल के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पर्यटन केवल यात्रा और व्यवसाय तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विभिन्न राज्यों को जोड़ने, उनकी संस्कृति और विरासत को पहचान दिलाने, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने तथा आर्थिक विकास को गति देने का सशक्त माध्यम है।

उन्होंने कहा कि सिक्किम अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और अतिथि सत्कार के लिए देश-दुनिया में विशिष्ट पहचान रखता है। वहीं, झारखंड भी अपने जलप्रपातों, प्राकृतिक संपदा, वन्यजीवों, जनजातीय संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों के कारण पर्यटन की अपार संभावनाएं रखता है।

कौशल मित्तल ने उम्मीद जताई कि इस आयोजन से सिक्किम और झारखंड के बीच पर्यटन संबंधों को नई दिशा मिलेगी। साथ ही दोनों राज्यों के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह आमंत्रण केवल न्यू मित्तल ट्रैवल्स का सम्मान नहीं, बल्कि लोहरदगा और पूरे झारखंड के पर्यटन क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण अवसर है।

लेखक के बारे में

By Arti kumari

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More