मॉडर्न पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय पुरुष दिवस

कोडरमा: मॉडर्न पब्लिक स्कूल में अंतर्राष्ट्रीय पुरुष दिवस बड़े ही सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य एवं निदेशिका ने पुरुषों की समाज, परिवार और विद्यालय में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य जीसी वर्मा ने कहा कि पुरुष अपने दर्द को छिपाकर और अपनी भावनाओं को व्यक्त किए बिना परिवार एवं समाज के लिए निरंतर समर्पित रहते हैं। वे पिता, पुत्र, भाई और शिक्षक के रूप में हर जिम्मेदारी को चुपचाप निभाते हैं। उनकी मेहनत, त्याग और धैर्य ही परिवार की मजबूत नींव है।
निदेशिका संगीता शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पुरुष अक्सर अपनी परेशानियों को मुस्कान के पीछे छिपा लेते हैं। वे कभी अपनी थकान जाहिर नहीं करते, लेकिन परिवार की खुशी के लिए हर संभव प्रयास करते हैं। समाज को उनकी भावनाओं को समझने और उनका सम्मान करने की आवश्यकता है।
अंत में प्राचार्य और निदेशिका ने सभी को संदेश दिया कि पुरुषों का सम्मान केवल एक दिन नहीं, बल्कि हर दिन होना चाहिए। उनकी भावनाओं को समझना और उनके प्रति कृतज्ञ रहना ही सच्चा सम्मान है।
कार्यक्रम का समापन प्रेरणादायक क्षणों के साथ हुआ।


