Bokaro News: उपायुक्त अजय नाथ झा ने ललपनिया में आयोजित होने वाले सम्मेलन की समीक्षा की

उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते डीसी अजय नाथ झा।

बोकारो: लुगबुरु घंटा बाड़ी बाड़ी (धोरमगाढ़), ललपनिया में आयोजित होने वाले आगामी वार्षिक अंतर्राष्ट्रीय महासम्मेलन को लेकर जिला प्रशासन बोकारो पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। तैयारियों की समीक्षा हेतु आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में उपायुक्त अजय नाथ झा ने स्पष्ट निर्देश दिया कि इस वर्ष महासम्मेलन की सभी व्यवस्थाएं विश्व स्तरीय होनी चाहिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा सहित संबंधित विभागों के वरीय अधिकारी, आयोजन समिति एवं अन्य हितधारक उपस्थित थे। उपायुक्त ने कहा कि लुगबुरु घंटा बाड़ी न केवल झारखंड बल्कि पूरे विश्व के संताल समुदाय की अगाध आस्था का केंद्र है।

यहाँ भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ नेपाल, भूटान सहित अन्य देशों से भी लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुँचते हैं। इस वैश्विक समागम को ध्यान में रखते हुए बुनियादी ढांचे, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं को अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया जाएगा। महोत्सव को आदिवासी संस्कृति, परंपरा एवं सामाजिक विरासत के अनुरूप भव्य, गरिमापूर्ण और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त ने तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की तथा सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन समयबद्ध एवं आपसी समन्वय के साथ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि आगामी 22 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय संथाल सरना धर्म महासम्मेलन को विश्व स्तरीय पहचान दिलाने और यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी व्यवस्थाओं को ससमय पूरा करने में जिला जिला प्रशासन बोकारो की पूरी तैयारी है। इस आयोजन को लेकर एक-एक बिंदुओं पर गहन विचार-विमर्श करते हुए श्रद्धालुओं को सभी फैसेलिटीज उपलब्ध कराई जाए।मौके पर अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, डीपीएलआर पूर्णिमा कुमारी, खेल पदाधिकारी हेमलता बून, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, आयोजन समिति के बबली सोरेन समेत समिति के सदस्य आदि उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By निर्मल महाराज

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More