Bokaro News: संपूर्ण महाराज परिवार ने धूमधाम से मनाई श्री श्री 108 मां काली पूजा

मां काली की प्रतिमा के साथ पूजा-अर्चना करते महाराज परिवार के सदस्य।
सिंदूर खेला के साथ मां को दी गई भावुक विदाई, शिवराम बांध में हुआ प्रतिमा एवं कलश विसर्जन

बोकारो: बोकारो जिले के कसमार प्रखंड अंतर्गत महाराज टोला में संपूर्ण महाराज परिवार की ओर से स्थापित काली मंदिर में श्री श्री 108 मां काली की पूजा धूमधाम और श्रद्धा के साथ संपन्न हुई। माता रानी की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद महिलाओं ने सिंदूर खेला की रस्म निभाई और कलश विसर्जन के साथ पूजा का समापन हुआ।

इससे पूर्व रविवार की रात पारंपरिक विधि-विधान से मां काली की पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान बकरे की बलि भी दी गई। सोमवार की सुबह आरती और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के बाद सैकड़ों महिला श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर पारंपरिक सिंदूर खेला की रस्म निभाई।

इसके बाद शोभायात्रा निकालकर मां की प्रतिमा एवं कलश को शिवराम बांध में विसर्जित किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष फिर से आने की प्रार्थना करते हुए नम आंखों से मां को विदाई दी। सिंदूर खेला के दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे को सुख, समृद्धि और अखंड सौभाग्य की शुभकामनाएं दीं।

मां की विदाई के मौके पर पूरे गांव में भक्ति और भावुकता का माहौल रहा। महिलाओं ने बताया कि सिंदूर खेला बंगाल की सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा है, जो मां के प्रति श्रद्धा, प्रेम और समर्पण का प्रतीक है।

पूजा को सफल बनाने में संपूर्ण महाराज परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विदित हो कि महाराज परिवार के बुजुर्गों ने कई दशक पहले इस काली पूजा की शुरुआत की थी। उसी परंपरा को आज भी परिवार के सदस्य विधिवत और पूरी श्रद्धा के साथ प्रत्येक वर्ष धूमधाम से निभाते आ रहे हैं।

लेखक के बारे में

By निर्मल महाराज

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More