Sahibganj News: राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस पर गूंजा ‘न्याय सबके लिए’ का संदेश

छात्र-छात्राओं ने अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की शपथ ली।
पंचायतों व विद्यालयों में विधिक जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को दिलाई गई अधिकारों के प्रति सजग रहने की शपथ

साहिबगंज: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के अवसर पर साहिबगंज जिले में व्यापक विधिक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज सुभाष के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न पंचायतों एवं विद्यालयों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रमों के दौरान आम नागरिकों एवं विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता तथा विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं की जानकारी दी गई।

विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्हें विधिक जागरूकता एवं अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की शपथ दिलाई गई। बच्चों को कानून का सम्मान एवं पालन करने, दूसरों के अधिकारों का सम्मान करने तथा किसी भी प्रकार के अन्याय या अधिकारों के उल्लंघन की स्थिति में उचित माध्यम से सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के दौरान आमजन को यह संदेश दिया गया कि आर्थिक या सामाजिक स्थिति न्याय प्राप्त करने में बाधा नहीं है। जरूरतमंद व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकता है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और अपने आसपास के जरूरतमंद एवं वंचित लोगों को भी निःशुल्क विधिक सहायता एवं उपलब्ध विधिक सेवाओं की जानकारी दें।

लेखक के बारे में

By संजय कुमार धीरज

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More